
ढाई घंटे में दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में थाना ऊसराहार क्षेत्र में आठ वर्षीय बालिका से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को घटना दर्ज होने के करीब ढाई घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना से संबंधित महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को ग्राम मामन निवासी एक व्यक्ति ने थाना ऊसराहार में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी आठ वर्षीय पुत्री गांव के बाहर साइकिल चला रही थी। आरोप है कि गांव के ही निवासी रामनिवास ने उसे धनराशि दिलाने का प्रलोभन देकर पास के बाग में ले जाकर दुष्कर्म किया। सूचना पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2), 352 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एम/6 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस का कहना है कि सूचना के आधार पर आरोपी को तहसील के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना से जुड़े साक्ष्य झाड़ियों में छिपाने की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, साक्ष्य बरामदगी के दौरान आरोपी ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
मामले में आरोपी रामनिवास निवासी ग्राम मामन, थाना ऊसराहार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



