सीतामढ़ी में नए राशन कार्ड बनाने का अभियान तेज, जिलाधिकारी ने मिशन मोड में आवेदन कराने का दिया निर्देश
14 जुलाई से स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर शुरू हुई ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
जिलाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा 14 जुलाई 2026 से स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के ऐसे सभी पात्र परिवार, जिनके पास अब तक राशन कार्ड नहीं है, वे शीघ्र ऑनलाइन आवेदन कर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जिले का कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ), प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों (बीपीआरओ) एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (एमओ) को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, पटना द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अभियान मोड में पात्र लाभुकों की पहचान कर उनका राशन कार्ड बनाने का कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र की पंचायतों में कार्यरत कार्यपालक सहायकों तथा प्रखंड आपूर्ति कार्यालय के कार्यपालक सहायकों के माध्यम से पात्र लाभुकों का ऑनलाइन आवेदन समयबद्ध तरीके से कराया जाए। साथ ही आवेदन प्रक्रिया की नियमित निगरानी कर लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनील कुमार सिन्हा, परियोजना अभियंता अमित कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी (सीओ), प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित रहे।



