
10 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, दोनों गिरफ्तार
नींद की गोलियां देकर कराया बेहोश, फिर गमछे से गला घोंटकर की हत्या; पुलिस ने आलाकत्ल, मोबाइल और सोने की अंगूठी बरामद की
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में हुई एक हत्या की वारदात का इटावा पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों ने अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की थी। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त गमछा, मृतक की सोने की अंगूठी, एक एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम तोड़ा निवासी सुघर सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र आनंद उर्फ महबूब (35) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था और उन्हें अपनी पुत्रवधू आशिकी देवी तथा उसके साथी पर हत्या का संदेह है। इस आधार पर थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला ने बताया कि उसका पड़ोसी शिवम से प्रेम संबंध था। पति द्वारा लगातार विरोध और निगरानी किए जाने से दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। घटना वाली रात महिला ने कथित रूप से पति को पेय पदार्थ में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। पति के अचेत होने पर उसने शिवम को घर बुलाया और दोनों ने मिलकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए महिला छत पर बने कमरे में चली गई, जबकि शिवम बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गया।
विवेचना के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि दोनों एक अलग सिम कार्ड और मोबाइल फोन के जरिए आपस में संपर्क में रहते थे। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा, मृतक की सोने की अंगूठी तथा दोनों मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में थाना सिविल लाइन पुलिस टीम ने सफलता हासिल की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा ने टीम को ₹10,000 की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण और नेतृत्व की भी सराहना करते हुए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है.
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और पुलिस के दावों पर आधारित है। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।



