
फर्जी लोन ऐप गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, साइबर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । साइबर थाना पुलिस ने फर्जी लोन ऐप के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक अंतर्राज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक एटीएम/डेबिट कार्ड, बैंक पासबुक तथा नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में साइबर थाना टीम ने प्रतिबिंब पोर्टल पर मिले इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ककोर-बंबा क्षेत्र से संदीप पाल (24) निवासी थाना सहार, जनपद औरैया को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में बीएनएस एवं आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह सोशल मीडिया पर बिना दस्तावेज और कम सिविल स्कोर पर तुरंत लोन देने का लालच देकर लोगों से फर्जी ऐप डाउनलोड करवाता था। ऐप इंस्टॉल होते ही पीड़ित के मोबाइल से कॉन्टैक्ट, फोटो, एसएमएस और अन्य निजी डेटा हासिल कर लिया जाता था।
इसके बाद पीड़ितों को अधिक ब्याज, फर्जी रिकवरी कॉल, अश्लील फोटो मॉर्फ कर वायरल करने की धमकी और सामाजिक बदनामी का डर दिखाकर बार-बार पैसे वसूले जाते थे।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या लोन ऐप को डाउनलोड न करें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या निकटतम साइबर थाने से संपर्क करें।
