स्व. अजित अनंतराव पवार की जयंती अब राजकीय स्तर पर मनाई जाएगी
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:मुंबई महाराष्ट्र
मुंबई, । महाराष्ट्र सरकार ने स्वर्गीय अजित अनंतराव पवार की जयंती को राज्य के आधिकारिक राजकीय जयंती कार्यक्रमों की सूची में शामिल कर लिया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को एक परिपत्र जारी किया।
जारी परिपत्र के अनुसार, स्व. अजित अनंतराव पवार की जयंती प्रत्येक वर्ष 22 जुलाई को पूरे महाराष्ट्र में राजकीय स्तर पर मनाई जाएगी। इस अवसर पर मंत्रालय सहित राज्य के सभी शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
राजकीय जयंती कार्यक्रम केवल सरकारी एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राज्य के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी इसका आयोजन किया जाएगा।
परिपत्र में सभी विभागीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों तथा संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र के सभी कार्यालयों एवं संस्थानों में कार्यक्रम का समुचित नियोजन कर इसकी प्रभावी रूप से क्रियान्विति सुनिश्चित करें।
राज्य सरकार ने परिपत्र में उल्लेख किया है कि स्व. अजित अनंतराव पवार के सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान के सम्मान और स्मरण के उद्देश्य से उनकी जयंती को शासकीय जयंती कार्यक्रमों की सूची में शामिल किया गया है।


