इटावा के राजकीय छात्रावासों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
रिपोर्ट ;विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
इटावा, । जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जनपद के राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक छात्र 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आगरा रोड, सदर, सराय दयानत, नगला खादर, मोढ़ी भरथना तथा गंगापुरा बसरेहर स्थित छात्रावासों में प्रवेश के लिए वही छात्र पात्र होंगे, जो जनपद इटावा के किसी महाविद्यालय या विश्वविद्यालय में नियमित अध्ययनरत हों तथा समाज कल्याण विभाग अथवा कल्याण सेक्टर की छात्रवृत्ति योजना के पात्र हों।
प्रवेश में दिव्यांग कोटे के छात्र, उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र तथा जिनका स्थायी निवास शिक्षण संस्थान से अधिक दूरी पर है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। शासनादेश के अनुसार छात्रावास की 70 प्रतिशत सीटें अनुसूचित जाति/जनजाति तथा 30 प्रतिशत सीटें पिछड़ा एवं सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए आरक्षित हैं।
इच्छुक छात्र http://upswdhms.in पोर्टल पर 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, सदर (सरैया चुंगी) कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।


