इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश 

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश 

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा :-जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जनपद में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की कुल 47 परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए, ताकि आचार संहिता लागू होने से पूर्व उनका लोकार्पण कराया जा सके। उन्होंने अधिकांश परियोजनाओं को सितंबर-अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी महोदय ने जिला कारागार में 24 बंदी क्षमता वाली हाई सिक्योरिटी बैरक, टाइप-2 के 18 आवास, टाइप-4 आवास तथा डॉरमेट्री निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्य प्रारंभ करने से पूर्व सॉयल टेस्टिंग अवश्य कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला कारागार से संबंधित सभी निर्माण कार्य अक्टूबर तक पूर्ण कर लोकार्पण के लिए तैयार किए जाएं

उन्होंने नगरीय विकास के अंतर्गत सैफई क्षेत्र में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि गुणवत्ता पर विशेष बल दिया। 50 बेडेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक, ओपीडी भवन के बाहरी हिस्से में ग्राउंड फ्लोर से पांचवीं मंजिल तक रैंप निर्माण, 300 बेडेड स्त्री एवं प्रसूति चिकित्सालय (गायनी ब्लॉक) तथा पैरामेडिकल आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को एक से दो माह में पूरा किया जा सकता है, उन्हें बिना विलंब पूर्ण कराया जाए।

बैठक में साइबर क्राइम थाने के प्रशासनिक भवन, अनुसूचित जाति छात्रावास सराय दयानत की मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य, विकासखंड महेवा के ग्राम झुगरी में सामुदायिक केंद्र निर्माण, जिला संयुक्त चिकित्सालय में अग्निशमन व्यवस्था तथा विक्टोरिया हॉल के सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की समयसीमा पूछते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्यों को तय समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए।

उन्होंने पिलुआ महावीर मंदिर पर यात्री गृह के सामने पार्क एवं पहुंच मार्ग के विकास के लिए निर्देशित किया, रामायन क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर के विकास, सिद्धपीठ पथरी बाबा जसवंतनगर, शीतला देवी मंदिर बसेहर के विकास तथा सुमेर सिंह किला, क्षेत्र में ईको-पर्यटन विकास कार्यों को भी अक्टूबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी महोदय ने मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय, मामन हिम्मतपुर के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह मा0 मुख्यमंत्री जी का ड्रीम प्रोजेक्ट है तथा इसकी गुणवत्ता पर गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण की गुणवत्ता में तत्काल सुधार लाने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जीआईसी में इंडोर मिनी स्टेडियम, डायट में अतिरिक्त कक्ष, ऑडिटोरियम, शौचालय ब्लॉक एवं मीटिंग हॉल तथा पी0आर0 राजकीय महाविद्यालय के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित प्रधानाचार्य को भी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा।

उन्होंने ग्रामीण स्टेडियम तथा पुलिस लाइन में 200 पुरुषों की क्षमता वाली बैरक के निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह निर्वाचन वर्ष है तथा शासन स्तर से निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश प्राप्त हैं। इसलिए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य को केवल ठेकेदार, मिस्त्री अथवा मजदूरों के भरोसे न छोड़ा जाए, बल्कि संबंधित अधिकारी स्वयं नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सरकारी भवन ऐसा बने कि उसे देखकर आमजन गुणवत्ता और उत्कृष्ट निर्माण का अनुभव करें।

उक्त बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button