
कलेक्टर के निर्देश पर ग्राम राजगत में एफटीके किट से हुआ पेयजल परीक्षण
ग्रामीणों को पेयजल सुरक्षा एवं जल जनित बीमारियों की रोकथाम की दी गई जानकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज,मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन के निर्देशानुसार जिले में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जल गुणवत्ता परीक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियां सतत रूप से संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत अमीरिती के ग्राम राजगत स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) के माध्यम से पेयजल गुणवत्ता परीक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम की महिलाओं, सरपंच, रोजगार सहायक तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान एफटीके किट से पेयजल की गुणवत्ता की जांच करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए उपस्थितजनों को स्वयं जल परीक्षण करने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही सुरक्षित पेयजल के उपयोग, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, जल संरक्षण, घरेलू स्तर पर पेयजल को सुरक्षित रखने के उपाय तथा दूषित पेयजल से होने वाली जलजनित बीमारियों की रोकथाम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ग्रामीणों से अपने क्षेत्र के पेयजल स्रोतों की नियमित निगरानी करने तथा जल गुणवत्ता संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को देने का आग्रह किया गया। बताया गया कि समुदाय की सक्रिय सहभागिता से ही प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समुदाय को जल परीक्षण के लिए सक्षम बनाना तथा जलजनित रोगों की रोकथाम सुनिश्चित करना है।



