
स्वान फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष अक्षय खोब्रागड़े को ‘उत्कृष्ट प्रोफेशनल अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे, प्रतिनिधि। सामाजिक, शैक्षणिक और कृषि-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वान फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष एवं नॉलेज नेस्ट (Knowledge Nest Initiative) के मार्गदर्शक अक्षय खोब्रागड़े को प्रतिष्ठित ‘उत्कृष्ट प्रोफेशनल अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया।
समारोह में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय पुरस्कार समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति पी. सदाशिवम, महाराष्ट्र कृषि मूल्य आयोग के अध्यक्ष पाशा पटेल, कर्नाटक कृषि मूल्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. अशोक दलवाई, एग्रीकल्चर टुडे ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. एम. जे. खान, हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री ओ. पी. धनखड़ तथा कनाडा सरकार के प्रतिनिधि एच. ई. क्रिस्टोफर कुटर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर तहसील स्थित आदिवासी बहुल गांव गिलबिली के निवासी अक्षय खोब्रागड़े ने कठिन परिस्थितियों से आगे बढ़ते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। वर्तमान में वे सलाम किसान में मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) के रूप में कार्यरत हैं और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), ड्रोन तकनीक, डिजिटल कृषि, सर्कुलर इकोनॉमी तथा ग्रामीण नवाचार के माध्यम से किसानों के सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
स्वान फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष के रूप में वे Knowledge Nest Initiative का भी मार्गदर्शन कर रहे हैं। इस पहल के तहत ग्रामीण और आदिवासी छात्रों को नासा (अमेरिका) और सिंगापुर जैसे संस्थानों के शैक्षणिक अध्ययन भ्रमण का अवसर उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही उन्हें विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नेतृत्व और नवाचार से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल अक्षय खोब्रागड़े की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभा, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन की क्षमता का भी सम्मान माना जा रहा है।


