
AI से फर्जी फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोपी गिरफ्तार
औरैया पुलिस ने प्रधानमंत्री व गृहमंत्री का कथित AI-जनरेटेड भ्रामक फोटो पोस्ट करने के मामले में की कार्रवाई।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । औरैया पुलिस ने सोशल मीडिया पर माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय गृहमंत्री का कथित AI-जनरेटेड, कूटरचित, भ्रामक एवं आपत्तिजनक फोटो वायरल करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को थाना ऐरवाकटरा को सूचना मिली कि फेसबुक आईडी “Rajnish Yadav / raghavendra_yadav_8279” से एक कथित फर्जी फोटो पोस्ट की गई है, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय गृहमंत्री को पूर्व मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श करते हुए दिखाया गया था। पुलिस का कहना है कि इस पोस्ट के माध्यम से आमजन को गुमराह करने तथा सामाजिक एवं राजनीतिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
इस सूचना के आधार पर थाना ऐरवाकटरा में मु.अ.सं. 109/2026 के तहत धारा 356(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने रजनीश उर्फ नीशा पुत्र बलराम सिंह यादव, निवासी उसरापाटी, थाना ऐरवाकटरा, जनपद औरैया को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिधूना के निकट पर्यवेक्षण में थाना ऐरवाकटरा पुलिस टीम द्वारा की गई।


