
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र तक पहुंचे, लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण करें : प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरु जी’
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: औरैया, उत्तर प्रदेश
औरैया: जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन) श्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरु जी’ ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जनपद के विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का संचालन पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समयबद्ध ढंग से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें तथा अब तक लाभान्वित किए गए पात्रों एवं कराए गए कार्यों का विस्तृत विवरण लिखित रूप में उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब उनका लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आए।
बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण, ऊर्जा, कृषि, ग्रामीण विकास, बेसिक शिक्षा, पशुपालन, समाज कल्याण, पेंशन, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं प्रगति की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने विभागवार लक्ष्य पूर्ति की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि जिन कार्यों में प्रगति अपेक्षित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जा सके। लोक शिकायतों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थलीय सत्यापन के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों के समाधान में संवाद, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदन पत्रों का शीघ्र सत्यापन किया जाए, किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा यदि कोई आवेदन निरस्त किया जाता है तो उसका स्पष्ट कारण अभिलेखों में अंकित किया जाए।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने सेतु निगम, सिंचाई विभाग, नलकूप विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सड़क निर्माण, गड्ढा मुक्ति अभियान तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को युद्धस्तर पर निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक माह नियमित निरीक्षण भी किया जाए।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने लाभार्थियों की पात्रता का द्विस्तरीय सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी नहरों में टेल तक पानी पहुंचना सुनिश्चित किया जाए, नियमित पेट्रोलिंग कराई जाए तथा किसी भी नहर पर अवैध रूप से बांध न बनने दिया जाए। ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत भार वृद्धि उपभोक्ताओं की सहमति प्राप्त करने के उपरांत ही की जाए तथा बिजली बिल संशोधन से संबंधित प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि समीक्षा बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने जनपद की कानून व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने हेतु प्रभावी कार्यवाही लगातार जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक के उपरांत प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत रीतेश पोरवाल को ₹5 लाख का स्वीकृति चेक प्रदान किया। इसके अतिरिक्त विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत वंदना को ब्यूटी पार्लर किट तथा स्नेहा को सिलाई मशीन वितरित कर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया।
उक्त के उपरांत मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन खिल मिल पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आमजन मानस के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में राज्यसभा सांसद श्रीमती गीता शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चंद्र मौर्य, प्रभागीय वनाधिकारी सी.पी. सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद,परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, डीसी मनरेगा रामदुलार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, विभागाध्यक्ष, संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।


