
राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में ध्रुव ग्लोबल स्कूल के अंश सिंह का शानदार स्वर्णिम प्रदर्शन
– राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अंश सिंह का महाराष्ट्र टीम में चयन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे, : अहिल्यानगर में आयोजित महाराष्ट्र राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में नांदे स्थित ध्रुव ग्लोबल स्कूल के अंश सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-61 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक पर अपना नाम उकेरा। फाइनल मैच में 3-0 और 5-0 की एकतरफा व शानदार जीत के साथ उन्होंने महाराष्ट्र राज्य विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इस सुनहरी सफलता के दम पर उनका सिक्किम में होने वाली आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए महाराष्ट्र टीम में चयन हुआ है।
ध्रुव ग्लोबल स्कूल में कक्षा 9वीं (बी) में पढ़ने वाले अंश ने इस प्रतियोगिता में शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। हर दौर में प्रतिद्वंद्वियों पर तकनीकी और रणनीतिक रूप से मात देते हुए उन्होंने फाइनल तक निरंतर सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से ध्रुव ग्लोबल स्कूल के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है।
अंश की इस सफलता के पीछे राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता और शिव छत्रपति राज्य क्रीड़ा पुरस्कार प्राप्त प्रशिक्षिका कोमल पाठारे-घारे का बहुमूल्य एवं प्रेरणादायक मार्गदर्शन रहा है। उनके अनुशासित प्रशिक्षण के कारण ही यह सफलता संभव होने की बात कही जा रही है।
अंश की इस शानदार सफलता पर ध्रुव ग्लोबल स्कूल के ट्रस्टी एवं निदेशक यशवर्धन मालपाणी और प्रधानाचार्या संगीता राउतजी ने उनकी विशेष सराहना की। साथ ही सिक्किम में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी इसी तरह सफलता के शिखर छूने के लिए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

