नशीला पदार्थ पिलाकर ट्रक चालकों से चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
अजीतमल/औरैया। थाना अजीतमल पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर ट्रक चालकों से चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन, कार तथा नशीली दवा बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को मैनपुरी निवासी ट्रक चालक आदेश कुमार और सर्वेश कुमार बाबरपुर-अजीतमल स्थित सुंदरम होटल पर भोजन करने के लिए रुके थे। इसी दौरान एक व्यक्ति होटल कर्मचारी बनकर उनके पास पानी का जग रख गया। पानी पीने के कुछ समय बाद दोनों चालक अचेत हो गए। होश आने पर उनकी जेब में रखी ट्रकों की लगभग ₹62 हजार की नकदी चोरी हो चुकी थी।
मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान थाना अजीतमल पुलिस ने बुधवार को मधुवन ढाबा के सामने सर्विस रोड से सुनील कुमार शर्मा (33 वर्ष) निवासी सिकौला, थाना जसपुरा, जनपद बांदा (हाल निवासी गुजैनी, बर्रा, कानपुर नगर) को गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त के कब्जे से ₹20,170 नकद, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट डिजायर कार तथा अल्प्राजोलम (Alprazolam) की गोलियों का एक पत्ता बरामद किया गया। पूछताछ व बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध जालौन, बांदा, हमीरपुर तथा औरैया सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, नशीला पदार्थ देकर वारदात करने, एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।