
निर्माणाधीन अधोसंरचना में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा – कलेक्टर
पीडब्ल्यूडी, आरईएस, पीआईयू, एमपीआरडीसी, पुलिस हाउसिंग एवं जल संसाधन विभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्टर कक्ष में जिले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माणाधीन अधोसंरचना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग , ग्रामीण यांत्रिकी सेवा ,परियोजना क्रियान्वयन इकाई, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम , पुलिस हाउसिंग एवं अधोसंरचना विकास निगम तथा जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने विभागवार निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता, स्वीकृत समय-सीमा एवं निर्माण में आ रही बाधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी कार्यदायी एजेंसियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाए तथा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक प्रावधानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि अधोसंरचना परियोजनाएं जिले के विकास की आधारशिला हैं। इनमें गुणवत्ता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कार्यों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, उनमें आवश्यक संसाधन बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग नियमित रूप से निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें, कार्यों की सतत मॉनिटरिंग रखें तथा आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराकर आमजन को उनका लाभ उपलब्ध कराएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन में भी पुलिस हाउसिंग के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी, सहित पीडब्ल्यूडी, आरईएस, पीआईयू, एमपीआरडीसी, पुलिस हाउसिंग एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।