
कलेक्टर ने जनसुनवाई में आए आवेदक के गावं में जाकर किया आवेदन का निराकरण
कलेक्टर ने गढ़ ग्राम पंचायत में आम जनता से किया संवाद
पंचायत द्वारा लगाया गया टैक्स भरें और गांव को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें – कलेक्टर
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार आम जनता की कठिनाईयों को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्रम में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने ग्राम पंचायत गढ़ में आम जनता से संवाद करके उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर जनसुनवाई में ग्राम पंचायत गढ़ से आए आवेदक रोहित कुमार कोल के ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण कार्यों की राशि का भुगतान न करने के आवेदन पर सुनवाई करने के लिए ग्राम गढ़ पहुंचे। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत से आवेदक की लंबित राशि का भुगतान कराया।
कलेक्टर ने कहा कि गावं में साफ-सफाई के लिए ग्राम पंचायत द्वारा साफ-सफाई करने वाली संस्था से अनुबंध कर लिया गया है। कल से गावं के कचरे का उठाव शुरू हो जाएगा। सड़क निर्माण के संबंध में कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोकनिर्माण विभाग को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। कार्यपालन यंत्री ने बताया कि गढ़ में मुख्य मार्ग के निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपए का मजबूतीकरण कार्य का टेंडर मंजूर हो गया है। सड़क में सुधार का कार्य 30 जुलाई से ही शुरू हो जाएगा। कलेक्टर ने ग्रामवासियों से चर्चा करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा गावं के विकास के लिए लगाए गए टैक्स सभी ग्रामवासी समय पर भरें। इस राशि का उपयोग गावं के विकास में ही किया जाता है। गावं को साफ-सुथरा रखने में भी सभी ग्रामवासी सहयोग करें। सभी अपने घरों में डस्टबिन में कचरा रखें तथा कचरा गाड़ी को प्रतिदिन कचरा दें।
कलेक्टर ने रोहित कुमार कोल द्वारा ग्राम पंचायत को नाली निर्माण तथा सोकपिट निर्माण के लिए दी गई निर्माण सामग्री की राशि तत्काल भुगतान करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत ने आवेदक को राशि का भुगतान कराया। कलेक्टर ने कहा कि कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा ग्राम पंचायत के सभी निर्माण कार्यों की जाँच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। निर्माण कार्यों की स्थिति के अनुसार संबंधित एजेंसियों को भुगतान कराएं। कलेक्टर ने आदिवासी मोहल्ला में जल भराव की समस्या को दूर करने के लिए ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल नाली निर्माण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पटवारी को आम रास्ते से अवैध कब्जा हटाकर तत्काल रास्ता बहाल कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जमीनों के संबंध में प्राप्त सभी आवेदन पत्रों का परीक्षण करके समुचित निराकरण किया जाएगा। ग्राम पंचायत के पूर्व सचिव द्वारा बाजार बैठकी की राशि जमा न करने के संबंध में प्राप्त शिकायत के संबंध में जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि संबंधित सचिव के विरूद्ध वसूली की कार्यवाही की जा रही है। निरीक्षण के समय परियोजना अधिकारी जिला पंचायत डॉ. संजय सिंह, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बीडी कोरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत प्राची चौबे तथा खण्ड और ग्राम स्तर के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।