
पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और आश्रितों को वितरित किए गए कल्याणकारी योजनाओं के लाभ
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों के आश्रितों को विभागीय आयुक्त शीतल तेली-उगले के हाथों सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। यह कार्यक्रम उनके कार्यालय में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विभागीय आयुक्त ने कहा कि सैनिक कल्याण विभाग की सभी योजनाएं सशस्त्र सेना ध्वज दिवस निधि से संचालित की जाती हैं। उन्होंने नागरिकों से ध्वज दिवस निधि में उदारतापूर्वक योगदान देने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में कुल 9 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता राशि प्रदान की गई। बारामती के गंगोत्री पूर्व सैनिक महिला बचत समूह को बचत समूह आर्थिक सहायता योजना की चौथी किस्त के रूप में 2 लाख रुपये दिए गए। सैन्य सेवा के दौरान शहीद हुए सैनिक के आश्रित के लिए आवास खरीद सहायता योजना के तहत नीता सचिन फडतरे को 2 लाख रुपये प्रदान किए गए।
इसके अलावा, सेवा के दौरान 23 प्रतिशत दिव्यांगता प्राप्त सैनिक वसंत दत्तात्रय कानडे को 40 हजार रुपये, जबकि 100 प्रतिशत दिव्यांग सैनिक नारायण किसन थोरात को 75 हजार रुपये की सहायता दी गई। पूर्व सैनिक राजाराम मारुति मोहिते को स्वरोजगार योजना के तहत 3 लाख रुपये प्रदान किए गए।
आवास खरीद सहायता योजना के अंतर्गत अजित ज्ञानदेव सनस और अशोक यशवंत आवटे को 50-50 हजार रुपये, जबकि संतोष नारायण शिंदे को 1 लाख रुपये दिए गए। वहीं, विदेश में अध्ययन कर रहे पूर्व सैनिक के पाल्य की शिक्षा सहायता योजना के तहत रामदास नारायण पालेकर को 1 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर एस. फिरासत ने बताया कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभाग की विभिन्न योजनाएं निरंतर संचालित की जा रही हैं।



