
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुणे इंटरनेशनल स्कूल एंड जूनियर कॉलेज सम्मानित
‘एजुकेशन अवॉर्ड’ से नवाजा गया, आधुनिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास मॉडल को मिली पहचान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे, 30 जुलाई। चलवादी शिक्षण संस्था द्वारा संचालित पुणे इंटरनेशनल स्कूल एंड जूनियर कॉलेज को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘एजुकेशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान मुंबई के ताज प्रेसिडेंसी होटल में एक प्रमुख समाचार पत्र द्वारा आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. हुलगेश चलवादी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद उन्होंने इस सम्मान को विद्यालय के सभी शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए इसे पूरे संस्था परिवार को समर्पित किया।
डॉ. चलवादी ने कहा कि पुणे इंटरनेशनल स्कूल एंड जूनियर कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को अपनी प्राथमिकता मानता है। विद्यालय में आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण, अनुभवात्मक शिक्षा, कौशल विकास, व्यक्तित्व निर्माण, विज्ञान एवं नवाचार, खेल, कला-संस्कृति तथा पर्यावरण जागरूकता जैसे अनेक नवाचारी कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न परियोजनाओं, कार्यशालाओं और प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाता है। इस सम्मान से संस्था की शैक्षणिक यात्रा को नई ऊर्जा मिलेगी और गुणवत्तापूर्ण तथा मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान करने के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।
विद्यालय में सर्वधर्म समभाव की भावना को बढ़ावा देते हुए सभी प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व उत्साहपूर्वक मनाए जाते हैं। विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और अनुशासन की भावना विकसित करने के लिए एमसीएफ (MCF) का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। इसके अलावा, कम उम्र से ही बच्चों को प्रशासनिक व्यवस्था और सरकारी कार्यप्रणाली की जानकारी देने के उद्देश्य से विद्यालय द्वारा नियमित रूप से ‘फील्ड ट्रिप’ कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यह सम्मान संस्था के लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ भविष्य में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा भी देगा।



