
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने चकरनगर स्थित भरेह मंदिर का किया औचक निरीक्षण, आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने हेतु दिए कड़े निर्देश
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
इटावा – आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने की कटिबद्धता के दृष्टिगत जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने जनपद के तहसील चकरनगर अंतर्गत ऐतिहासिक भरेह मंदिर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रांगण, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं हेतु उपलब्ध नागरिक सुविधाओं का सूक्ष्मता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। मंदिर परिसर तथा पहुंच मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और पर्याप्त रोशनी (लाइटिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भीषण गर्मी व भीड़ को देखते हुए विश्राम स्थल, छाया तथा शुद्ध पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि आगामी त्योहारों पर जिले में कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करें, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उक्त निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी चकरनगर, पुलिस क्षेत्राधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित कुमार एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

