खाद का वितरण अब हाईब्रिड मोड से होगा – उप संचालक कृषि
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया है कि जिले में ई विकास सिस्टम से खाद का वितरण किया जा रहा है। अब खाद का वितरण हाईब्रिड मोड में किया जाएगा। इससे किसानों को पारदर्शी तरीके से सुगमता से खाद का वितरण होगा। सभी खाद विक्रेताओं को उपलब्ध खाद की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। प्रत्येक खाद वितरण कंपनी आगामी आदेश तक खाद वितरण की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में दर्ज करेगी। प्रपत्र में किसान का आधार नम्बर, नाम, मोबाइल नम्बर, पूरा पता, उर्वरक कंपनी का नाम, विक्रय की गई खाद की मात्रा तथा खाद का नाम एवं ग्रेड लिखना आवश्यक होगा। इस विवरण को हाईब्रिड मोड में पोर्टल पर दर्ज करना आवश्यक होगा। सभी डबल लॉक सेंटर, एमपी एग्रो विक्रय केन्द्र तथा निजी खाद विक्रेता निर्धारित पंजी और प्रपत्र में दैनिक आधार पर खाद वितरण की जानकारी दर्ज करेंगे। खाद के वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने अथवा अभिलेखों के संधारण में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उप संचालक ने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि सभी किसान खाद खरीदते समय आधार कार्ड अवश्य साथ रखें। दुकानदार से खाद खरीदने के बाद कैशमेमो रसीद अवश्य प्राप्त करें। फसलों की आवश्यकता के अनुसार तथा कृषि वैज्ञानिक की सलाह से खाद का उपयोग करें।



