
जंतर-मंतर प्रदर्शन पर पीएम मोदी का भावुक संदेश, बोले– मेरी दिवंगत माँ को भी गालियां दी गईं, फिर भी मैं माफ करना चाहता हूं
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: नई दिल्ली
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ कथित रूप से की गई अभद्र टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गाली-गलौज किसी भी समस्या का समाधान नहीं है और समाज को सकारात्मक संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।
वीडियो के साथ प्रधानमंत्री ने लिखा, “गाली-गलौज से कभी कोई समस्या हल नहीं होती। आइए, भटक गए लोगों को सही रास्ता दिखाएं। आइए, मिलकर काम करें। आइए, भारत के लिए काम करें।”
वीडियो में प्रधानमंत्री ने कहा कि जंतर-मंतर पर कुछ लोगों ने उनके प्रति अपशब्दों का प्रयोग किया और उनकी दिवंगत माता के बारे में भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने इसे किसी भी सभ्य समाज के लिए अनुचित बताते हुए कहा कि वह उन लोगों को माफ करना चाहते हैं और सभी से शालीनता तथा राष्ट्रहित में मिलकर आगे बढ़ने की अपील करते हैं।
प्रधानमंत्री के इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।


