इटावा के राजकीय छात्रावासों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 15 अगस्त तक करें आवेदन
समाज कल्याण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की, एससी/एसटी के साथ ओबीसी व सामान्य वर्ग के पात्र छात्र भी कर सकते हैं आवेदन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। समाज कल्याण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जनपद के राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल ने बताया कि इच्छुक छात्र 15 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जनपद के आगरा रोड, सदर, सराय दयानत, नगला खादर, मोढ़ी (भरथना) एवं गंगापुरा (बसरेहर) स्थित राजकीय छात्रावासों में प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन के लिए छात्र का इटावा में किसी महाविद्यालय या विश्वविद्यालय में नियमित अध्ययनरत होना तथा समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना के लिए पात्र होना आवश्यक है।
प्रवेश में दिव्यांग छात्रों, उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा जिनका स्थायी निवास शिक्षण संस्थान से अधिक दूरी पर है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। शासनादेश के अनुसार छात्रावास की 70 प्रतिशत सीटें अनुसूचित जाति/जनजाति और 30 प्रतिशत सीटें पिछड़ा एवं सामान्य वर्ग के पात्र छात्रों के लिए आरक्षित हैं।
इच्छुक छात्र http://upswdhms.upsdc.gov.in पर 15 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, सदर (सरैया चुंगी), इटावा में कार्यालय समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

