
लाखों में एक: कोटक कन्या स्कॉलरशिप 2026 के ज़रिये देश की नई पीढ़ी की होनहार बेटियों के भविष्य को संवारने की तैयारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे: कोटक महिंद्रा ग्रुप की CSR पहलों को लागू करने वाली शाखा, कोटक एजुकेशन फाउंडेशन (KEF) ने आज अपने “लाखों में एक” कैंपेन के तहत ‘कोटक कन्या स्कॉलरशिप 2026’ के शुभारंभ की घोषणा की। यह कैंपेन पूरे भारत में ऐसी मेधावी छात्राओं की तलाश के लिए शुरू की गई है, जिनकी काबिलियत को पहचान मिलनी चाहिए और आगे बढ़ने में उनकी मदद की जानी चाहिए, चाहे उनकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो। छठे साल में कदम रख चुका यह अभियान समाज के कमजोर तबके की होनहार बेटियों के लिए आगे की प्रोफेशनल पढ़ाई की राह आसान बना रहा है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक रुकावट के अपने सपनों को पूरा कर सकें।
कोटक कन्या स्कॉलरशिप की शुरुआत साल 2021 में हुई थी जो अब तक 24 राज्यों की 1,525 बेटियों की जिंदगी संवार चुकी है, और 2026-27 के सत्र में 500 नई होनहार छात्राओं को इसमें जोड़ा जाएगा। आर्थिक मदद के अलावा, KEF इन छात्राओं के लिए विशेषज्ञों के मार्गदर्शन, करियर के लिए मूल्यवान सलाह, इंडस्ट्री को करीब से जानने का अवसर और व्यवहारिक प्रशिक्षण सत्रों के ज़रिये सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करता है। साथ ही, यह उनमें अधिक सूझबूझ के साथ सोचने की क्षमता, 21वीं सदी के ज़रूरी कौशल और प्रोफेशनल सेक्टर में काम के लिए ज़रूरी काबिलियत को भी बढ़ावा देता है।
इस अवसर पर कोटक महिंद्रा बैंक में ग्रुप CSR की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, रिधि भाटिया ने कहा, “शिक्षा लंबे समय तक समाज के विकास के सबसे बड़े साधनों में से एक है। हालांकि, आर्थिक तंगी की वजह से कई होनहार बेटियों के लिए आगे की प्रोफेशनल पढ़ाई के रास्ते में रुकावट आती है। कोटक कन्या स्कॉलरशिप के ज़रिए, हमारा यही प्रयास है कि देश की किसी बेटी का भविष्य उसकी आर्थिक हालात से नहीं, बल्कि उसकी मेहनत और उसके सपनों से तय हो, ताकि वह अपनी काबिलियत को पहचान सके और अपने परिवार और देश का नाम रोशन कर सके।”
कोटक एजुकेशन फाउंडेशन में स्कॉलरशिप प्रोग्राम की प्रमुख एवं एग्जीक्यूटिव कमिटी (EC) की सदस्य, आरती कौलगुड ने कहा, “कोटक कन्या स्कॉलरशिप की पहली शानदार कामयाबी का जश्न मनाते हुए, हमें अपनी स्कॉलरशिप पाने वाली बेटियों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाते देख बेहद गर्व हो रहा है। दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों और भारत की नामी कंपनियों में शामिल होने से लेकर हमारी स्कॉलरशिप से डॉक्टर की पढ़ाई पूरी करने वाली पहली बेटी तक, वे सिर्फ अपने ही नहीं बल्कि अपने परिवारों के भी सपनों को सच कर रही हैं। उनकी इस कामयाबी ने हमें इस मौके को 500 और काबिल बेटियों तक पहुंचाने की प्रेरणा दी है। हमने सख़्त चयन प्रक्रिया के अलावा सर्वांगीण विकास पर जोर दिया है जिसकी वजह से आज यह सबसे प्रभावशाली छात्रवृत्ति कार्यक्रमों में से एक बन गया है। जिन क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी सामान्य तौर पर काम रही है, उनमें ज्यादा-से-ज्यादा बेटियों को करियर बनाने में मदद करके हम उन्हें बराबरी का दर्जा दिलाने में मदद कर रहे हैं। भारत की सबसे होनहार बेटियों से हमारी यही गुजारिश है कि वे आगे आकर इसके लिए आवेदन करें और बदलाव लाने वाली अगली पीढ़ी का हिस्सा बनें।”
स्कॉलरशिप की मुख्य बातें:
1. प्रोफ़ेशनल ग्रेजुएशन कोर्स/डिग्री पूरी होने तक चुनी गई हर छात्रा को हर साल ₹1.5 लाख* दिए जाएंगे
2. इसमें NIRF से मान्यता प्राप्त प्रतिष्ठित संस्थानों में इंजीनियरिंग, MBBS, आर्किटेक्चर, डिज़ाइन और इंटीग्रेटेड LLB जैसे प्रोफेशनल कोर्स शामिल हैं
3. जानकारों की सलाह, जीवन कौशल और मानसिक सेहत से जुड़े सत्रों की सुविधा
4. देश भर के 136 बड़े शिक्षण संस्थानों की छात्राओं के लिए स्कॉलरशिप पाने का मौका
कोटक कन्या स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए पात्रता की शर्तें:
• पूरे भारत की होनहार छात्राएँ आवेदन कर सकती हैं
• 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में 75% या उससे ज़्यादा अंक (या इसके बराबर CGPA) होना चाहिए
• परिवार की सालाना आय ₹6,00,000 से कम होनी चाहिए
• इंजीनियरिंग, MBBS, इंटीग्रेटेड LLB (5 साल), इंटीग्रेटेड BS-MS/BS-रिसर्च (IISER, IISc बेंगलुरु), डिज़ाइन या आर्किटेक्चर जैसे कोर्स में, NIRF या NAAC से मान्यता प्राप्त किसी प्रतिष्ठित संस्थान में प्रोफेशनल ग्रेजुएशन प्रोग्राम (2026-27) के पहले साल में दाखिला होना चाहिए
• कोटक महिंद्रा ग्रुप, कोटक एजुकेशन फाउंडेशन और Buddy4Study के कर्मचारियों के बच्चे आवेदन करने के लिए पात्र नहीं हैं
KEF के स्कॉलरशिप विंग ने अब तक 4,000 से ज़्यादा छात्रों की मदद की है, जिनमें से 2,000 से ज़्यादा पूर्व-छात्र अब बड़ी कंपनियों और दूसरे संस्थानों में प्रोफ़ेशनल के तौर पर अपना करियर आगे बढ़ा रहे हैं।
अस्वीकरण: नियम व शर्तें लागू। पात्रता के लिए जरूरी शर्तों को पूरा करने के बाद ही स्कॉलरशिप के लिए चयन होगा और इसकी राशि तय की जाएगी, और यह पूरी तरह कोटक एजुकेशन फाउंडेशन के विवेक पर निर्भर है।
कोटक एजुकेशन फाउंडेशन का परिचय
कोटक महिंद्रा ग्रुप की CSR पहलों को कोटक कर्मा नाम दिया गया है, जिसके तहत शिक्षा से जुड़ी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहलों को लागू करने वाली मुख्य एजेंसी कोटक एजुकेशन फाउंडेशन है।
करीब बीस साल से, KEF उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, कौशल विकास और आजीविका के अवसरों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमज़ोर तबके के बच्चों और युवाओं की जिंदगी बदलने के लिए काम कर रहा है। समाज में मजबूत और स्थायी बदलाव लाने की सोच के साथ, KEF ऐसी पहलों की योजना बनाता है और उन्हें लागू करता है जो शिक्षा के माहौल को मजबूत बनाते हैं और सीखने वालों को अपनी पूरी काबिलियत तक पहुंचने में मदद करते हैं।
KEF के शिक्षा के हर क्षेत्र को शामिल करने वाले दृष्टिकोण में बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने, स्कूल की लीडरशिप के साथ-साथ शिक्षकों की क्षमता को बेहतर बनाने, बोलचाल की अंग्रेजी व आगे की तैयारी (CE-FR) के कौशल और STEM की शिक्षा से लेकर छात्रवृत्ति के जरिए उच्च शिक्षा के रास्ते खोलने, व्यावसायिक शिक्षा तथा कौशल विकास कार्यक्रमों के ज़रिये नौकरी पाने की योग्यता को निखारना भी शामिल है।
सरकारी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, समुदायों और इस क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ रणनीतिक साझेदारी के ज़रिये, KEF ने बड़े पैमाने पर लागू करने योग्य ऐसे मॉडल तैयार किए हैं जिनसे पढ़ाई के नतीजों और शिक्षा तक पहुँच में सुधार साफ़ तौर पर नज़र आ रहे हैं।
आज, KEF अपनी मुख्य पहल ‘क्षमता’ के ज़रिये अपने कार्यक्रमों को भारत के कई राज्यों में हज़ारों स्कूलों, शिक्षकों और सीखने वालों तक पहुँचाने में सफल रहा है। अपने सफ़र के अगले दौर में कदम रखते हुए, KEF अपने विज़न को स्कूल की सीमाओं से आगे बढ़ाते हुए जिला और राज्य स्तर के बदलावों तक ले जा रहा है। ज़मीनी स्तर पर काम करने के अनुभव को व्यवस्था को मजबूत करने वाली साझेदारियों, इनोवेशन और बड़े पैमाने पर काम करने की क्षमता के साथ जोड़कर, KEF सबके लिए समान और भविष्य के लिए तैयार शिक्षा व्यवस्था बनाने की दिशा में काम कर रहा है। फाउंडेशन की यह कोशिश लाखों बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने और भारत के विकास के सफर में अपना पूरा योगदान देने में सक्षम बनाती हैं।
स्कूल की पढ़ाई के अलावा, कोटक एजुकेशन फाउंडेशन (KEF) ने स्कॉलरशिप और रोज़गार से जुड़ी पहलों का एक ऐसा इकोसिस्टम तैयार किया है जो युवाओं की पढ़ाई और करियर के हर अहम पड़ाव पर उनकी सहायता करता है। KEF के स्कॉलरशिप कार्यक्रम इस तरह बनाए गए हैं कि, पैसों की तंगी किसी भी होनहार छात्र की उम्मीदों और कामयाबी के रास्ते में रुकावट न बने। कोटक कन्या स्कॉलरशिप कार्यक्रम देश भर में आर्थिक रूप से कमज़ोर तबके के परिवारों की होनहार बेटियों को वित्तीय सहायता, मार्गदर्शन, पढ़ाई में सहायता और सर्वांगीण विकास के मौकों के ज़रिये आगे की प्रोफेशनल पढ़ाई पूरी करने में मदद रहा है। कोटक जूनियर स्कॉलरशिप के माध्यम से मुंबई महानगरीय क्षेत्र के होनहार छात्रों को उनकी 11वीं और 12वीं की अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद की जाती है, जबकि कोटक ग्रेजुएट स्कॉलरशिप के माध्यम से योग्य छात्रों को स्नातक की पढ़ाई करने और सफल करियर की तैयारी करने में सहायता दी जाती है।
इन कोशिशों को आगे बढ़ाते हुए, KEF के व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोज़गार-क्षमता बढ़ाने वाले कार्यक्रम आर्थिक रूप से कमज़ोर तबके के युवाओं को आज के दौर में इंडस्ट्री में काम करने के लिए जरूरी हुनर सिखाते हैं, जिसमें डिजिटल साक्षरता, अंग्रेज़ी बोलने की क्षमता, जीवन कौशल, कामकाजी माहौल के लिए तैयारी और प्रोफेशनल के तौर पर उनकी काबिलियत को निखारना शामिल हैं। रोज़गार दिलाने पर विशेष ज़ोर देते हुए, ये कार्यक्रम यह सुनिश्चित करते हैं कि सभी योग्य छात्र पूरे आत्मविश्वास के साथ पेशेवर माहौल में कदम रखने और सफल होने के लिए तैयार हों।
आज, KEF भारत में शिक्षा में बदलाव लाने में सबसे आगे है। लगभग दो दशकों के काम के अनुभव और समुदाय के साथ गहरे जुड़ाव के आधार पर, यह संगठन अब सिर्फ़ अलग-अलग स्कूलों के स्तर पर काम करने से आगे बढ़कर जिला एवं राज्य स्तर पर बड़े बदलाव लाने की दिशा में बढ़ रहा है। सरकारों, अलग-अलग संस्थाओं और इस क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ रणनीतिक साझेदारी करके, KEF ने ऐसे मॉडल तैयार किए हैं जिन्हें बड़े पैमाने पर लागू किया जा सके। ये मॉडल शिक्षा व्यवस्था को मज़बूत करते हैं, सीखने के नतीजों को बेहतर बनाते हैं, रोज़गार पाने की क्षमता बढ़ाते हैं और लाखों बच्चों व युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करते हैं। इनोवेशन, सबूतों पर आधारित तरीकों और सबके लिए समान अवसर के संकल्प को साथ लेकर चलते हुए, KEF एक ऐसे भविष्य के निर्माण के लिए प्रयासरत है जहाँ हर छात्र को सीखने, आगे बढ़ने और सफल होने का अवसर मिले।



