हज-2027 हेतु उत्तर प्रदेश से 22,510 आवेदकों का ऑनलाइन कुर्रा के माध्यम से चयन।
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने सर्वसाधारण को अवगत कराया है कि हज-2027 हेतु आवेदन करने वाले हज यात्रियों के चयन के लिए दिनांक 30 जुलाई 2026 को हज कमेटी ऑफ इंडिया, हज हाउस, मुंबई द्वारा ऑनलाइन कुर्रा (लॉटरी) के माध्यम से उत्तर प्रदेश से आवेदन करने वाले 22,510 आवेदकों का चयन किया गया है।
हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा चयनित यात्रियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर चयन की सूचना उपलब्ध करा दी गई है। इसके अतिरिक्त चयनित यात्रियों की सूची यात्रियों की सुविधा हेतु हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट https://haicommittee.gov.in तथा उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट https://hajcommittee.up.gov.in पर अपलोड कर दी गई है। सूची में कवर नंबर एवं बैंक रेफरेंस नंबर भी अंकित किया गया है, जिससे चयनित आवेदकों को प्रथम किश्त की धनराशि जमा करने में सुविधा हो सके।प्रथम किश्त जमा करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी। प्रत्येक प्रोविजनली चयनित आवेदक को प्रति यात्री प्रथम किश्त के रूप में ₹1,52,300/- दिनांक 10 अगस्त 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अथवा भारतीय स्टेट बैंक के निर्धारित खाते में जमा करनी होगी। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के बैंक खाते में धनराशि जमा करने हेतु पे-इन-स्लिप हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट https://haicommittee.gov.in तथा उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट https://hajcommittee.up.gov.in से डाउनलोड की जा सकती है। चयनित हज आवेदक निर्धारित धनराशि ऑनलाइन माध्यम से भी जमा कर सकते हैं। इसके लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट एवं हज सुविधा एप के माध्यम से क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध है।धनराशि जमा करने के उपरान्त प्रत्येक हज यात्री को धनराशि जमा करने की पे-इन-स्लिप, स्वतः हस्ताक्षरित हज आवेदन फार्म, घोषणा पत्र, अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट संबंधी घोषणा पत्र तथा मेडिकल स्क्रीनिंग एंड फिटनेस सर्टिफिकेट हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के पोर्टल पर अपने लॉग-इन आईडी के माध्यम से अपलोड करना होगा। उक्त प्रपत्र वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। यदि किसी हज आवेदक को आवश्यक प्रपत्र अपलोड करने में किसी प्रकार की असुविधा होती है तो ऐसे आवेदकों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के कार्यालय में भी प्रपत्र अपलोड करने की व्यवस्था की गई है। जनपद से संबंधित चयनित हज यात्री हज ई-सुविधा केंद्र के माध्यम से भी आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। सभी चयनित हज आवेदकों से अपील है कि निर्धारित तिथि तक प्रथम किश्त की धनराशि जमा करते हुए आवश्यक प्रपत्र समय से अपलोड करना सुनिश्चित करें, ताकि हज यात्रा-2027 से संबंधित आगामी कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण की जा सके।



