उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 20 किलो फफूंद लगे लड्डू नष्ट

मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 20 किलो फफूंद लगे लड्डू नष्ट

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया, । जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर जनपद औरैया में खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने तहसील बिधूना में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के कुल 5 नमूने संग्रहित किए।

 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने रामलीला मैदान स्थित मोतीचूर लड्डू निर्माण इकाई से बूंदी और मोतीचूर लड्डू के नमूने लिए। इसके बाद मोहल्ला किशोरगंज स्थित एक अन्य निर्माण इकाई से भी बूंदी एवं मोतीचूर लड्डू के नमूने संग्रहित किए गए।

 

जांच के दौरान मौके पर भंडारित करीब 20 किलोग्राम फफूंद लगे मोतीचूर के लड्डू पाए गए, जिन्हें गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। वहीं, चंद्रपुर तिराहा बिधूना पर ठेलों पर खुले में रखे अत्यधिक रंगीन आलू फिंगर को भी नष्ट कराया गया तथा खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों में रंगों के अनियमित प्रयोग से बचने की हिदायत दी गई।

 

इसके अलावा सलेमपुर से बिधूना में सप्लाई किए जा रहे मिश्रित दूध का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।

 

विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस भी जारी किया जा रहा है।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थ की सूचना विभाग को दें। अधिकारियों ने बताया कि मिलावट के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button