
जन-विश्वास अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाएं : प्रभारी मंत्री लखन पटेल
शिविरों से पहले क्षेत्र में पहुंचे अधिकारी, समस्याओं का चिन्हांकन कर समय पर कराएं निराकरण
कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को प्रभावी एवं परिणाममूलक बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार आनंद विभाग श्री लखन पटेल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियों, कार्ययोजना और विभागवार दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन को आमजन के और अधिक निकट लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अभियान को जिले में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करते हुए शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत आगामी एक माह की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए तथा प्रत्येक शिविर की सूचना संबंधित क्षेत्र के नागरिकों को कम से कम एक सप्ताह पूर्व उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिविर से पूर्व आवश्यक तैयारियां एवं विभागीय होमवर्क पूरा रखा जाए। आवेदनों के लिए मानक प्रारूप तैयार करने के साथ प्राप्त आवेदनों का श्रेणीवार संधारण एवं निराकरण की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिविर केवल आवेदन प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि नागरिकों को वास्तविक राहत और योजनाओं का लाभ दिलाने वाले साबित हों। उन्होंने शिविरों में सांसद, विधायक, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा आवश्यकतानुसार सामूहिक वाहनों के उपयोग को प्राथमिकता देने के लिए भी कहा।
विधायक श्री प्रदीप पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सरकार की जनसेवा की भावना को धरातल तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रशासन सीधे गांव और आमजन के बीच पहुंचेगा, जिससे नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान संभव होगा।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन की प्राथमिकताओं से जुड़ा महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी अभियान है। इसका मूल उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करना तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन स्तर से अभियान को पूरी संवेदनशील के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है प्राप्त आवेदनों की मॉनिटरिंग कर उनके निराकरण की भी करवाही की जा रही है । बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजेंद्र मिश्रा, मऊगंज जिला प्रभारी शशांक श्रीवास्तव, नगर परिषद मऊगंज के अध्यक्ष बृजवासी पटेल नगर परिषद हनुमान के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, अपर कलेक्टर पीके पांडे, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर,एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित सभी विभागों को अधिकारी उपस्थित रहे।


