
‘प्रोजेक्ट नई किरण’ से 20 परिवारों में लौटी खुशियां, आपसी मतभेद दूर कर पति-पत्नी फिर हुए एक
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशानुसार महिला थाना प्रभारी की अध्यक्षता में रविवार को ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आपसी वैचारिक मतभेदों के चलते अलग रह रहे 20 परिवारों की काउंसलिंग कर उन्हें फिर से एक साथ रहने के लिए राजी किया गया।
बताया गया कि इन परिवारों में पति-पत्नी के बीच आपसी मनमुटाव एवं पारिवारिक कलह के कारण कुछ समय से दूरी बनी हुई थी। परिवारों के टूटने की स्थिति को देखते हुए प्रोजेक्ट नई किरण के तहत संबंधित दंपतियों की काउंसलिंग की गई और आपसी मतभेदों को बातचीत के माध्यम से दूर करने का प्रयास किया गया।
पुलिस की समझाइश और काउंसलिंग के बाद 20 परिवारों ने आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद सभी परिवारों को हंसी-खुशी विदा किया गया।
‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के माध्यम से पुलिस द्वारा पारिवारिक विवादों को संवाद एवं समझाइश के जरिए सुलझाते हुए बिखरते परिवारों को फिर से एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान प्रोजेक्ट नई किरण के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
