
GeM Portal पर सामग्रियों एवं सेवाओं की अधिप्राप्ति को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में Government e-Marketplace (GeM) Portal के माध्यम से सामग्रियों एवं सेवाओं की अधिप्राप्ति हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम वित्त विभाग के निर्देश के आलोक में आयोजित किया गया। निदेशालय द्वारा प्रतिनियुक्त प्रशिक्षक श्री सत्यम कुमार ने सीतामढ़ी जिला अंतर्गत सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों तथा संबंधित Checker एवं Maker को GeM Portal के माध्यम से सामग्रियों एवं सेवाओं की ऑनलाइन अधिप्राप्ति की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पोर्टल के विभिन्न प्रावधानों एवं अधिप्राप्ति की प्रक्रिया के संबंध में ऑनलाइन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने उपस्थित निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि GeM Portal के माध्यम से सामग्रियों एवं सेवाओं की अधिप्राप्ति में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन एवं नियमानुकूल प्रक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार व्यक्ति अपने परिवार के विभिन्न मदों में व्यय करते समय वित्तीय अनुशासन एवं आवश्यकता का ध्यान रखता है, उसी प्रकार सरकारी कार्यालयों में भी प्रत्येक खरीदारी में वित्तीय आवश्यकता एवं मितव्ययिता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का कार्यालयीन कार्यों में प्रभावी उपयोग करने का अनुरोध किया तथा निर्देश दिया कि GeM Portal पर उपलब्ध सामग्रियों एवं सेवाओं की अधिप्राप्ति नियमानुसार पोर्टल के माध्यम से ही करनी चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में GeM Portal के माध्यम से अधिप्राप्ति की प्रक्रिया राज्यस्तरीय कार्यालय द्वारा संचालित की जा रही है। भविष्य में इसे मुफस्सिल स्तर के कार्यालयों में भी लागू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन सामग्रियों एवं सेवाओं की उपलब्धता GeM Portal पर है, उनकी खरीदारी नियमानुसार पोर्टल के माध्यम से करनी चाहिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि GeM Portal पर किसी सामग्री अथवा सेवा की अधिप्राप्ति के लिए Specifications (विशिष्टताएं) निर्धारित करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि वे किसी विशेष आपूर्तिकर्ता को ध्यान में रखकर निर्धारित न हों। Specifications इस प्रकार तय की जाएं कि अधिक से अधिक योग्य एवं सक्षम आपूर्तिकर्ता निविदा/बोली प्रक्रिया में भाग ले सकें। इससे प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी तथा सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री संजीव कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र कुमार यादव, वरीय कोषागार पदाधिकारी श्री राजीव कुमार गुप्ता, जिला नजारत उप समाहर्ता श्री प्रकाश कुमार, डीएसपी (पुलिस लाइन) सहित विभिन्न विभागों के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, संबंधित Checker एवं Maker तथा अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



