
हर घर तिरंगा यात्रा में देशभक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा शहर
हाथों में तिरंगा और होठों पर वंदे मातरम के साथ निकली तिरंगा यात्रा
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा. हर घर तिरंगा अभियान में रीवा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। विवेकानंद पार्क कालेज चौराहा से मानस भवन, शिल्पी प्लाजा बाजार, प्रकाश चौराहा, स्टेच्यू चौराहा, खन्ना चौराहा, वेंकट तिराहा होते हुए तिरंगा यात्रा का जयस्तंभ चौक पर समापन हुआ। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करते हुए रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान और शान का प्रतीक है। इस तिरंगे को हाथ में लेकर हजारों वीरों ने देश के लिए अपना प्राणों का बलिदान किया। रीवा संभाग के सभी जिलों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तिरंगा अभियान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके देश के शहीदों का नमन किया जा रहा है। तिरंगा हमें राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है।

विवेकानंद पार्क से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के गीतों और नारों की धूम रही। हर हाथ में लहराते हुए तिरंगे देशप्रेम का संदेश दे रहे थे। तिरंगा यात्रा में 50 फीट लंबा तिरंगा प्रदर्शित किया गया। इसके साथ-साथ महाराणा प्रताप और भारत माता का भेष रखे युवाओं ने तिरंगा रैली की शोभा को चौगुना कर दिया। रैली में प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के ज्ञान रथ को तिरंगा से सजाकर देशभक्ति का संदेश दिया गया।

इस भव्य तिरंगा रैली में विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी राज, नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, अन्य पार्टी पदाधिकारी, नगर निगम के पार्षद गण शामिल रहे। रैली में कमिश्नर श्री सिंह, प्रभारी कलेक्टर तथा आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। रैली में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, नगर निगम एवं कलेक्ट्रेट के कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी, स्कूलों के विद्यार्थी शामिल रहे। रैली में जिला खेल अधिकारी के नेतृत्व में खिलाड़ियों का दल शामिल रहा। पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी तिरंगा यात्रा में सहभागिता निभाई। तिरंगा यात्रा में जन अभियान परिषद सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा आम जन शामिल हुए।

नगर के प्रमुख मार्गों तथा प्रमुख बाजार में देशभक्ति के गीत और नारे गुंजायमान रहे। रैली के समापन स्थल जयस्तंभ चौक में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा आमजनों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनका नमन किया।
