स्वतंत्रता दिवस की तैयारियाँ तेज, मुख्य समारोह एसएएफ ग्राउण्ड रीवा में मुख्यमंत्री के संदेश का होगा लाइव प्रसारण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को पूरे जिले में अभूतपूर्व उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल के साथ मनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस संबंध में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जिला, जनपद तथा ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले आयोजनों की रूपरेखा तय कर दी गई है। जिला मुख्यालय, विकासखंडों और ग्रामीण अंचलों में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय मुख्य समारोह एसएएफ ग्राउंड में होगा। सुबह 9 बजे से ध्वजारोहण का कार्यक्रम शुरू होगा। समारोह में मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद सुबह 9:25 से 9:55 बजे के बीच मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीन के माध्यम से एक साथ देखा और सुना जाएगा। प्रसारण के तुरंत बाद मुख्य अतिथि द्वारा पाँच मिनट का संक्षिप्त लिखित बधाई संदेश भी वाचन किया जाएगा। इसी प्रकार जनपद पंचायतों में जनपद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। जिन नगर परिषदों के मुख्यालय ब्लाक मुख्यालय पर नहीं हैं वहाँ नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सरपंच ध्वजारोहण किया जाएगा।
सभी शासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में तय समय यानी सुबह 8 बजे से पूर्व ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों और कॉलेजों में मौसम के अनुकूल सुबह प्रभात फेरियों का आयोजन होगा, वहीं विद्यार्थियों के बीच राष्ट्रीय एकता, लघु बचत, जनसंख्या स्थिरीकरण, स्वच्छता अभियान और स्वतंत्रता के महत्व पर केंद्रित वाद-विवाद प्रतियोगिताएं तथा भाषण आयोजित होंगे। शिक्षण संस्थाओं से लेकर जिला और संभाग स्तर तक राष्ट्रीय एकता के समूह गान और स्वतंत्रता दौड़ का विशेष आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, इस राष्ट्रीय पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए वन विभाग के सक्रिय सहयोग से व्यापक स्तर पर वृहद वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि उत्सव की खुशी के साथ प्रकृति के संवर्धन का संदेश भी जन-जन तक पहुँचे।
इस राष्ट्रीय पर्व की सार्थकता को और बढ़ाते हुए शासन ने समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाले विज्ञापनों का केंद्र बिंदु स्वतंत्रता संग्राम और विशेष रूप से मध्यप्रदेश के अमर शहीदों के संदेशों को बनाया है। समारोहों के दौरान बजने वाले लाउडस्पीकरों से केवल देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत ही प्रसारित किए जाएंगे। इसके साथ ही, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के परिवारों तथा लोकतंत्र सेनानियों को अत्यंत सम्मान के साथ समारोहों में आमंत्रित किया जाएगा। वहीं वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के घर जाकर उन्हें शॉल और श्रीफल से सम्मानित किया जाएगा। पर्व की दिव्यता को और भव्य बनाने के लिए 14 और 15 अगस्त की रातों तक सभी शासकीय भवनों और राष्ट्रीय महत्व की ऐतिहासिक इमारतों पर विशेष आकर्षक प्रकाश व्यवस्था (रोशनी) की जाएगी। मुख्यमंत्री के संदेश के प्रसारण के लिए एलईडी वीडियो वॉल या बड़े टीवी स्क्रीन, हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट कनेक्शन, उत्तम क्वालिटी के साउंड सिस्टम और निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु पावर बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।



