हर घर तिरंगा अभियान में निकाली जा रहीं तिरंगा रैलियाँ
अभियान में 17 अगस्त तक आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. मऊगंज जिले में स्वतंत्रता के अमृत संदेश को हर घर, हर गली और हर दिल तक पहुंचाने के लिए जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान पूरे उत्साह, जनभागीदारी और देशभक्ति के वातावरण में संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने अभियान के संबंध में कहा कि जिले में स्कूल, महाविद्यालय, शासकीय कार्यालय, सार्वजनिक संस्थान और सामाजिक संगठन मिलकर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। अभियान के लिए अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ-साथ सभी एसडीएम अपने अनुभाग में अभियान के लिए नोडल अधिकारी होंगे। शहरी क्षेत्र के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के तहत लगातार आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की जानकारी नोडल अधिकारियों द्वारा हर घर तिरंगा डॉट कॉम वेबसाइट पर अपलोड की जा रही है। आमजनता भी तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर इस वेबसाइट पर अपलोड करे तथा हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता निभाए।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के तहत सभी स्कूल, कालेज, आंगनवाड़ी केन्द्र, उचित मूल्य दुकान, नगर पंचायत तथा ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नुक्कड़ नाटक, साइकिल रैली, तिरंगा रैली, बाइक रैली, रंगोली निर्माण, भाषण प्रतियोगिता तथा अन्य कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में स्वयंसेवी संस्थाओं सामाजिक संगठनों, एनसीसी कैडेट्स, प्रजापिता ब्रम्हकुमारी संस्थान तथा विद्यार्थी सहभागिता निभा रहे हैं। अभियान के तहत 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस दिन देश के विभाजन के समय विस्थापन का कष्ट सहने वाले तथा अपने प्राण गंवाने वाले आमजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। शांति मार्च और कैंडल मार्च के माध्यम से श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों में वंदेमातरम का गायन किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि इस वर्ष अभियान को एक और ऐतिहासिक आयाम दिया गया है। भारत के राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सभी शासकीय एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में विशेष आयोजन होंगे। जहां राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत किए जाएंगे, वहां पहले पूरे सम्मान और गरिमा के साथ “वंदे मातरम्” का गायन होगा, उसके पश्चात राष्ट्रगान “जन गण मन” प्रस्तुत किया जाएगा। राष्ट्रीय गीत के दौरान उपस्थित सभी अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक सावधान की मुद्रा में खड़े होकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करेंगे।



