इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में जल जीवन मिशन कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा 

जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में जल जीवन मिशन कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा 

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा– जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति, जल जीवन मिशन तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल के माध्यम से शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि जिन ग्रामों में पेयजल परियोजनाओं के निर्माण एवं कनेक्शन से संबंधित कार्य शेष हैं, उन्हें निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित एवं सुचारु रूप से नल से जल उपलब्ध हो।

जिलाधिकारी महोदय ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हुए कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराते हुए अक्टूबर माह के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा कराया जाए। उन्होंने रोड रेस्टोरेशन को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा भी इस पर विशेष जोर दिया गया है। पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी महोदय ने हर घर जल योजना के अंतर्गत दिए गए घरेलू नल कनेक्शनों की स्थिति, जलापूर्ति की नियमितता, पाइपलाइन कार्य, ओवरहेड टैंक एवं अन्य आवश्यक संरचनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां कहीं भी तकनीकी अथवा अन्य कारणों से जलापूर्ति बाधित है, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाएं क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर योजनाओं की स्थलीय स्थिति का सत्यापन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल रहा है।

बैठक में ग्रामीण जलापूर्ति विभाग द्वारा संचालित परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पेयजल परियोजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी अथवा अन्य परिस्थितियों के दौरान पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा, स्थलीय निरीक्षण तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी गांव में पेयजल से संबंधित समस्या की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कराया जाए।

बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति एवं कार्ययोजना की जानकारी जिलाधिकारी महोदय के समक्ष प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी महोदय ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, अधिशासी अभियंता जल निगम कुलदीप प्रजापति सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button