
इटावा में पुलिस मुठभेड़ के बाद 3 आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-पिस्टल और कारतूस बरामद
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। बढ़पुरा थाना पुलिस ने संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, देशी पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक 10/11 अगस्त की रात श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और महाशिवरात्रि के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध चंबल पुल की ओर से आ रहे हैं।
पुलिस टीम ने चंबल पुल पिकेट को सतर्क कर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने उदी की ओर भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई और आवश्यक बल प्रयोग के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवकुश यादव (19), सुरजीत बघेल (20) और अमित यादव उर्फ कन्हैया (18) के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान प्रांशू पुत्र अज्ञात, निवासी परसऊआ, थाना जसवंतनगर के रूप में बताई गई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, 7.65 एमएम की एक देशी पिस्टल, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है। पुलिस मुठभेड़ के संबंध में थाना बढ़पुरा में मुकदमा अपराध संख्या 58/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर के नेतृत्व में बढ़पुरा पुलिस टीम ने की।



