
स्वतंत्रता दिवस पखवाड़ा पर परसौनी में बाल हितैषी ग्राम पंचायत बनाने को लेकर प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, । स्वतंत्रता दिवस पखवाड़ा के तहत परसौनी प्रखंड कार्यालय में प्रखंड के सभी ग्राम पंचायतों को बाल हितैषी ग्राम पंचायत बनाने के उद्देश्य से प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी बीडीओ महेश चन्द्र ने की। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन सीतामढ़ी, यूनिसेफ बिहार एवं प्रथम संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। बैठक में पूर्व से घोषित बाल श्रम मुक्त प्रखंड परसौनी की उपलब्धि को बनाए रखने तथा प्रखंड की सभी ग्राम पंचायतों को बाल हितैषी एवं बाल संरक्षण के दृष्टिकोण से सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बाल पंचायत के गठन एवं सक्रिय संचालन, नियमित बाल सभा के आयोजन, बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने, ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण समिति की नियमित बैठक तथा किशोर-किशोरियों के सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान सभी प्रतिभागियों ने परसौनी प्रखंड को बाल हितैषी बनाने तथा बाल श्रम एवं बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। यूनिसेफ व प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार ने बताया कि किशोर-किशोरियों के सशक्तिकरण, नेतृत्व क्षमता विकास, बाल संरक्षण एवं शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को आगे भी नियमित रूप से संचालित करने की योजना है। कार्यक्रम में मुखिया दिनेश प्रसाद यादव, सिकंदर राय, राजो देवी, पंचायत सचिव दिलीप कुमार, संधीर कुमार, सौरभ सराज, प्रथम संस्था के प्रखंड समन्वयक मुकेश पासवान, बीरेंद्र कुमार, नवीन कुमार,कार्यपालक सहायक आरती कुमारी, अंजली कुमारी, स्नेहलता, कुमारी आरती, मनीषा कुमारी आदि उपस्थित रहे।


