स्वतंत्रता दिवस पर जनपद में होंगे विभिन्न कार्यक्रम, 15 अगस्त को प्रातः 8 बजे होगा ध्वजारोहण।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में स्वतंत्रता दिवस-2026 को गरिमापूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने हेतु जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के तहत दिनांक 13 से 16 अगस्त 2026 की रात्रि में जनपद के शासकीय भवनों, स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों तथा प्रमुख स्थानों पर तिरंगा रंग की प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। शहीद पार्क, सुभाष चौक, एलजी गार्डन तिराहा, फफूंद तिराहा सहित नगर निकायों के प्रमुख चौराहों एवं शहीद स्मारकों को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। देवकली मंदिर के पास शहीद स्मारक, बीजलपुर शहीद स्मारक तथा महामायी मंदिर शहीद स्मारक पर भी विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। दिनांक 11 से 14 अगस्त तक कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए स्वतंत्रता दिवस से संबंधित विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, स्लोगन राइटिंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। दिनांक 14 अगस्त को तिलक स्टेडियम, औरैया में बच्चों के माध्यम से देश की आकृति का निर्माण तथा तिरंगा शपथ कार्यक्रम आयोजित होगा।
दिनांक 15 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे समस्त सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान होगा। जनपद की समस्त ग्राम सभाओं में भी ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके उपरांत प्रातः 8:30 बजे जनपद की सभी तहसीलों में उप जिलाधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अभिनंदन किया जाएगा।
प्रातः 9 बजे कलेक्ट्रेट परिसर, औरैया में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि जिलाधिकारी बृजेश कुमार होंगे। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में 11 से 14 अगस्त तक आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसी क्रम में प्रातः 10 बजे शहीद पार्क, औरैया में श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। प्रातः 11 बजे वृद्धाश्रम आनेपुर, औरैया तथा मेडिकल कॉलेज स्थित 100 बेड अस्पताल में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रगान के पश्चात राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व को आपसी एकता, शांति, प्रेम एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाएं तथा दिनांक 13 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर बलिदानियों के त्याग और संघर्ष से प्राप्त स्वतंत्रता की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।
