
पक्का तालाब पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, तिरंगा महोत्सव में देशप्रेम से सराबोर हुआ वातावरण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा :150 वीं वंदे मातरम् जयंती के अवसर पर आयोजित तिरंगा महोत्सव एवं ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत पक्का तालाब पर सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया की अध्यक्षता में भव्य राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत एवं लघु फिल्म के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, गौरव एवं देशप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण बन गया। उपस्थित अतिथियों एवं जनसमूह ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों तथा राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की एकता और विविधता में एकता का संदेश दिया गया। प्रसिद्ध गायिका जया श्रीवास्तव द्वारा देशभक्ति गीत ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। गीत के माध्यम से देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के त्याग एवं शौर्य को याद किया गया। प्रस्तुति के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ पर आधारित एक विशेष लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से तिरंगे के गौरव, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा प्रत्येक नागरिक की राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। लघु फिल्म में नागरिकों से आह्वान किया गया कि वे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ से जुड़कर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें।
विधायक ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। तिरंगे से जुड़ी हर भावना हमें उन वीरों के त्याग और बलिदान की याद दिलाती है, जिनके संघर्ष और बलिदान से देश को स्वतंत्रता मिली। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने का जन-अभियान है।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् का भाव देश की मिट्टी, संस्कृति और मातृभूमि के प्रति सम्मान से जुड़ा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे तिरंगा महोत्सव में सक्रिय भागीदारी करें और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
उक्त कार्यक्रम दौरान जनप्रतिनिधिगण, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी डोगरा शक्ति पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह गणमान्य नागरिक, कलाकार एवं आमजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक गौरव एवं तिरंगे के प्रति सम्मान का उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।



