प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत 16 अगस्त को सीतामढ़ी में बनेगी लगभग 90 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला

सीतामढ़ी में बनेगी 90 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला, 16 अगस्त को तिरंगे के साथ एकजुट होंगे हजारों लोग

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान :सीतामढ़ी बिहार 

सीतामढ़ी,। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 16 अगस्त को सीतामढ़ी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में लगभग 90 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 7 बजे से 8 बजे तक किया जाएगा। जिले के पांच सीमावर्ती प्रखंडों से होकर गुजरने वाले क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा।

 

कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर जिलाधिकारी रिची पांडेय ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी दी। इस दौरान उप विकास आयुक्त श्वेता भारती भी मौजूद रहीं।

 

 

जिलाधिकारी ने बताया कि मानव श्रृंखला में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं कर्मियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्र में लगभग 90 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला अपने आप में विशेष आयोजन होगा। हजारों लोग हाथों में तिरंगा लेकर एक साथ खड़े होकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश देंगे।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना नहीं, बल्कि तिरंगे के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता, त्याग, बलिदान, लोकतंत्र तथा राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।

 

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि 16 अगस्त को सुबह 7 से 8 बजे तक पूरे उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मानव श्रृंखला में शामिल हों और इस आयोजन को सफल बनाएं।

 

व्यापक स्तर पर तैयारियां

उप विकास आयुक्त श्वेता भारती ने बताया कि मानव श्रृंखला को सफल बनाने के लिए संबंधित प्रखंडों और विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान यातायात, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

प्रशासन के अनुसार, 16 अगस्त की सुबह सीमावर्ती क्षेत्र में तिरंगे की छांव में हजारों लोग एक साथ खड़े होकर सीतामढ़ी से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button