बिहारप्रशासनसीतामढ़ी

हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत 16 अगस्त को सीतामढ़ी में बनेगी लगभग 90 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला

हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत 16 अगस्त को सीतामढ़ी में बनेगी लगभग 90 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला

सुबह 07–08 बजे कार्यक्रमबक होगा आयोजन

सीमावर्ती पांच प्रखंडों में आयोजित होगा कार्यक्रम,

डीएम और डीडीसी ने की प्रेस ब्रीफिंग; 

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:सीतामढ़ी बिहार

जिलेवासियों से उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील

‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 16 अगस्त 2026 को सीतामढ़ी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में लगभग 90 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला का निर्माण किया जाएगा। जिले के पांच प्रखंडों से होकर गुजरने वाले सीमावर्ती क्षेत्रों में आयोजित यह अनूठा कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश देगा।

कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा के संबंध में जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती भी उपस्थित थीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानव श्रृंखला को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं कर्मियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग और हर समुदाय के लोग इस कार्यक्रम में सहभागी बनेंगे और एक साथ खड़े होकर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश देंगे।

जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने कहा कि सीतामढ़ी की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्र में लगभग 90 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला का आयोजन अपने आप में विशेष महत्व रखता है। सीमा क्षेत्र में जब हजारों लोग हाथों में तिरंगा लेकर एकजुट होकर खड़े होंगे, तो यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश होगा।

उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना नहीं, बल्कि तिरंगे के प्रति सम्मान और उसके पीछे निहित स्वतंत्रता, त्याग, बलिदान, लोकतंत्र तथा राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। तिरंगा हमें यह स्मरण कराता है कि हमारी विविधताओं के बावजूद हम सभी एक राष्ट्र के रूप में एकजुट हैं।

उन्होंने कहा कि देशभक्ति किसी एक दिन या किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं है। यह हमारे व्यवहार, जिम्मेदारियों और राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों में दिखाई देनी चाहिए। ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान लोगों में राष्ट्रीय गौरव और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और प्रबल करते हैं। विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह का आयोजन देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात हमारे वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को भी अभिव्यक्त करता है।

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि 16 अगस्त को प्रातः7–8 बजे सीतामढ़ी की धरती से ऐसा संदेश दें कि हमारी एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, स्वयंसेवी एवं सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे पूरे उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मानव श्रृंखला में शामिल हों और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं।

उन्होंने कहा कि “हम सब मिलकर तिरंगे के नीचे एक साथ खड़े हों और यह संकल्प लें कि देश की एकता, अखंडता और सम्मान को हमेशा सर्वोपरि रखेंगे।”

 

*व्यापक स्तर पर की जा रही तैयारियां*

 

उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती ने बताया कि मानव श्रृंखला को सफल बनाने के लिए संबंधित प्रखंडों एवं विभागों के स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित किया जा रहा है। कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ यातायात, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जिले के लिए गौरव का अवसर है और इसे सफल बनाने में प्रशासन के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

16 अगस्त को प्रातः 07 –08 बजे सीमावर्ती क्षेत्र में तिरंगे की छांव में एक साथ खड़े हजारों लोग सीतामढ़ी से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का सशक्त संदेश देश-दुनिया तक पहुंचाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button