प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

देवरा में जन विश्वास शिविर में 322 आवेदनों पर हुई सुनवाई, 185 प्रकरणों का मौके पर निराकरण

देवरा में जन विश्वास शिविर में 322 आवेदनों पर हुई सुनवाई, 185 प्रकरणों का मौके पर निराकरण

विधायक प्रदीप पटेल एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं — शेष प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश 

मऊगंज . मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप शासन को आमजन के और अधिक निकट पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनपद पंचायत हनुमना की ग्राम पंचायत देवरा में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल एवं कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में प्राप्त 322 आवेदनों में से 185 पात्र प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत इसी ग्राम पंचायत देवरा में आयोजित शिविर में ग्राम पंचायत देवरा सहित बहुती, बेलहा, चंदेह, चौहना नंबर-1, दामोदरगढ़, धरमपुरा, हरदिहाई, खैरा नंबर-3, खजुरहन, पटेहरा एवं रमकुड़वा पंचायतों के नागरिक शामिल हुए।

शिविर में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, जनसुनवाई, विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विभागवार सुनवाई की गई। विधायक मऊगंज एवं कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए तथा जिन प्रकरणों में मौके पर समाधान संभव नहीं है, उनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस बस से पहुंचे अधिकारी, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता भी विशेष रही। कलेक्टर संजय कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन सहित अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी पुलिस बस से शिविर स्थल पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्थानीय उद्यमियों से संवाद, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत देवरा में स्थानीय उद्यमियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विधायक प्रदीप पटेल, कलेक्टर संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक एवं वनमंडलाधिकारी श्री लोकेश निरापुरे ने उद्यमियों से उनके अनुभव, सुझाव एवं समस्याओं की जानकारी ली।

विधायक ने युवाओं से स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उद्योगों को बढ़ावा देने और स्थापित उद्योगों के विस्तार के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर ने भी उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति, स्थानीय उद्यमी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

 

खिलाड़ियों को क्रिकेट किट, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ

 

शिविर के दौरान विधायक प्रदीप पटेल एवं कलेक्टर संजय कुमार जैन ने स्थानीय खिलाड़ियों को क्रिकेट किट प्रदान कर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राही को स्वीकृति पत्र तथा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी प्रदान किए गए।

शिविर में एसडीम हनुमना राजेश मेहता सहित के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button