
इटावा कलेक्ट्रेट में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । कलेक्ट्रेट परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ। इसके बाद जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया।
कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया एवं जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों तथा अन्य सेनानी परिवारों को सम्मानित किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए देशभक्ति कार्यक्रम
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। वहीं संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल और पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग भर दिया।
एकजुट होकर देश और संविधान को मजबूत बनाने का आह्वान
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस को अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान को याद करने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को गुलामी से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया और एकजुट होकर संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। आपसी एकजुटता के साथ देश और संविधान को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
डीएम ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया नमन
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व हमें अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस आत्मचिंतन करने तथा महान देशभक्तों के सपनों एवं लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश वर्तमान में अमृत काल में है और यह सभी के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ।
वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को बांटे कपड़े और मिठाई
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने वृद्धजनों को कपड़े एवं मिठाई वितरित की और उनके स्वास्थ्य एवं हाल-चाल की जानकारी ली।
इस अवसर पर आईएएस कोमल पुनिया, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक संदीप श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप जिलाधिकारी न्यायिक श्वेता मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
विशाल समाचार | सच के साथ, बिना राजनीति



