
स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी ने दिलाया कर्तव्यों के निर्वहन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया– । स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि राष्ट्र में सभी समाहित हैं। हम जो भी कार्य करते हैं, वह हम सभी का कर्तव्य है। कोई सरकारी पद पर रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करता है, कोई सीमा पर रहकर देश की रक्षा करता है तो कोई खेतों में परिश्रम कर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देता है।
उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें अधिकारों के साथ-साथ कुछ कर्तव्य भी प्रदान किए हैं। इसलिए हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। एक अधिकारी के रूप में अपने दायित्वों का पालन करने के साथ ही यदि हम एक बेहतर इंसान के रूप में कार्य करें, तो कर्तव्य का निर्वहन और अधिक प्रभावी एवं सार्थक हो जाता है। इससे हम आमजन से भावनात्मक रूप से जुड़ सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जब हम अपने पद के दायित्वों का निर्वहन करें तो हमें यह मनन करना चाहिए कि स्वतंत्रता से पहले शासन करने वाले बाहरी थे, जबकि हम इसी देश के हैं और अपने ही लोगों के बीच कार्य कर रहे हैं। इस भावना से कार्य करने पर आमजन में अपनत्व की भावना विकसित होगी और वे प्रशासन से और अधिक जुड़ेंगे।
अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा उनके आश्रितों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य ने कहा कि हम सभी को अपने स्वार्थ और व्यक्तिगत आवश्यकताओं से ऊपर उठकर राष्ट्र के प्रति समर्पित होना चाहिए। वास्तविक स्वतंत्रता तभी सार्थक होगी, जब हम देश की विचारधारा के विपरीत कार्य करने वाले नागरिकों को भी देश की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके अंदर देशभक्ति की भावना जागृत करें। प्रशासन का मुख्य दायित्व है कि प्रत्येक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए हर संभव प्रयास किया जाए।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद ने भी अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए तथा वसुधैव कुटुम्बकम् के आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध होना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों का गायन किया गया, जिससे कार्यक्रम में उपस्थित श्रोता भावविभोर हो उठे साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर अपने विचार भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
उक्त कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रध्वज का आरोहण कर उसे सलामी दी। उन्होंने आजादी के अमर सपूतों एवं क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों द्वारा राष्ट्रगान की मधुर धुन प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।



