उत्तर प्रदेशअपराधइटावा

इटावा में पुलिस मुठभेड़: चोरी का सरिया बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

इटावा में पुलिस मुठभेड़: चोरी का सरिया बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा। बकेवर थाना पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर गिरफ्तार किया। एक अन्य आरोपी अंधेरे और घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

 

पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त की रात लोहिया नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से करीब 1.25 कुंतल लोहे का सरिया चोरी किया गया था। मामले में पीड़ित की तहरीर पर थाना बकेवर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

15 अगस्त को बकेवर पुलिस गौतमपुरा नहर पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चार व्यक्ति टिर्री में सवार होकर महेबा की ओर से गौतमपुरा नहर पुल की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर टिर्री को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि टिर्री सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई।

 

मुठभेड़ में नईमुद्दीन उर्फ नईम के दाएं पैर और संदीप के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं अशोक कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चौथा आरोपी सोनू पुत्र कन्हाई लाल घनी झाड़ियों में छिपकर फरार होने में सफल रहा।

 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 03 अवैध तमंचे 315 बोर, 06 जिंदा कारतूस, 04 खोखा कारतूस, 02 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 01 कीपैड फोन, 1.25 कुंतल लोहे का सरिया और घटना में प्रयुक्त एक टिर्री बरामद करने का दावा किया है।

 

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 14 अगस्त की रात बकेवर थाना क्षेत्र में हीरो एजेंसी के पास स्थित निर्माणाधीन मकान से सरिया चोरी किया था।

 

पुलिस के अनुसार, मामले में थाना बकेवर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। चोरी के मुकदमे में बरामदगी के आधार पर संबंधित धारा भी बढ़ाई गई है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप पुत्र रोशनलाल निवासी सुभाष नगर, बकेवर, नईमुद्दीन उर्फ नईम पुत्र निजामुद्दीन निवासी आजाद नगर नई बस्ती, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी और अशोक कुमार पुत्र छोटेलाल निवासी आनंद नगर, थाना कोतवाली इटावा के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने संदीप का आपराधिक इतिहास भी दर्ज किया है, जिसमें हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे शामिल बताए गए हैं।

 

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना बकेवर प्रभारी विपिन मलिक पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।

 

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button