
सीतामढ़ी विकास की नई दिशा में अग्रसर, पुनौरा धाम सहित कई बड़ी परियोजनाओं को मिली रफ्तार
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय डुमरा हवाई अड्डा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री तथा सीतामढ़ी की प्रभारी मंत्री श्रेयषी सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इससे पूर्व उन्होंने परेड का निरीक्षण किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सीतामढ़ी जिला राज्य और देश के विकास के साथ कदम से कदम मिलाते हुए समग्र एवं समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आम लोगों को लाभ मिल रहा है।

मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार में विकास की गति तेज हुई है। उद्योग के क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने के लिए टेक्सटाइल पॉलिसी, नई एमएसएमई पॉलिसी सहित विभिन्न औद्योगिक नीतियों को धरातल पर उतारा जा रहा है। आने वाले समय में इन नीतियों का लाभ सीतामढ़ी को भी मिलेगा तथा रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित होंगे।
पुनौरा धाम के विकास पर विशेष जोर
प्रभारी मंत्री ने जिले में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 67 एकड़ भूमि में करीब 883 करोड़ रुपये की लागत से अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की तर्ज पर माता सीता की जन्मस्थली पुनौरा धाम मंदिर एवं परिसर का समग्र विकास तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पुनौरा धाम के विकास से सीतामढ़ी के सर्वांगीण विकास के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और रामायण पथ से जुड़े इस धार्मिक स्थल को देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
कई बड़ी परियोजनाओं का उल्लेख
मंत्री ने मेहसौल आरओबी, बुडको के स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज कार्य, भिट्ठामोड़ में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट, रीगा चीनी मिल के पुनः संचालन तथा मेजरगंज में 162.73 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन विद्युत ग्रिड का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि जिले में औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए 504.520 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है तथा इसके लिए लगभग 298.77 करोड़ रुपये की प्राक्कलित राशि की स्वीकृति की दिशा में कार्रवाई की गई है। इसके अलावा मुरादपुर में बन रहे मेडिकल कॉलेज और मॉडल अस्पताल जैसी परियोजनाओं की भी जानकारी दी गई।
शिक्षा और खेल के क्षेत्र में भी विकास

प्रभारी मंत्री ने जिले के 9 प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेजों की स्थापना तथा 17 सरस्वती विद्या निकेतन ‘आदर्श विद्यालय’ की शुरुआत को शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
खेल के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है। सीतामढ़ी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं और उन्हें बेहतर अवसर देने के प्रयास जारी हैं।
159 पंचायतों में लगाए गए सहयोग शिविर
मंत्री ने बताया कि पंचायत स्तर पर जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक जिले की 159 पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में प्राप्त 9,688 आवेदनों में से 8,637 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण, ग्रामीण विकास, जीविका, मद्यनिषेध, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, उद्योग, आईसीडीएस, कला-संस्कृति, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, कानून व्यवस्था तथा आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का लाभ जिले की जनता को मिल रहा है।
समारोह में विधायक रीगा बैद्यनाथ प्रसाद, विधायक बाजपट्टी रामेश्वर महतो, विधायक सीतामढ़ी सुनील कुमार पिंटू, विधान परिषद सदस्य रेखा कुमारी, बीस सूत्री उपाध्यक्ष मनीष कुमार गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष अदिति कुमारी, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, अपर समाहर्ता संजीव कुमार, उप विकास आयुक्त श्वेता भारती सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह का मंच संचालन वरीय शिक्षक एसएन झा ने किया।
#VishalSamachar #Sitamarhi #IndependenceDay2026 #PunouraDham #BiharNews



