
उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि की मुख्यमंत्री ने की घोषणा
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि की घोषणा के अवसर पर विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक ने की।
सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में उचित दर विक्रेताओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके लाभांश में वृद्धि की औपचारिक घोषणा की। विधायक ने कहा कि लाभांश बढ़ने से राशन विक्रेताओं का मनोबल बढ़ेगा और सार्वजनिक वितरण प्रणाली और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि पहले 90 रुपये प्रति कुंतल के स्थान पर अब 125 रुपये प्रति कुंतल लाभांश मिलेगा।
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने अधिकारियों को ई-पॉस मशीनों के माध्यम से पारदर्शी एवं बायोमेट्रिक आधारित वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को पूरा खाद्यान्न मिल सके। उन्होंने बताया कि जनपद में 105 अन्नपूर्णा भवन संचालित हैं, जबकि 150 अन्नपूर्णा भवन प्रस्तावित हैं।
कार्यक्रम के अंत में उचित दर विक्रेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, हरी नारायण बाजपेयी, जनप्रतिनिधिगण, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



