
पौड़ी हाईवे पर हाथियों का आतंक, वाहनों पर किया हमला; मचा हड़कंप
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान कोटद्वार उत्तराखंड
कोटद्वार। सिद्धबली मंदिर और लालपुल के बीच पौड़ी हाईवे पर सोमवार सुबह हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। अचानक हाईवे पर पहुंचे हाथियों को देखकर वाहन चालकों और राहगीरों में अफरातफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7:45 बजे हाथियों ने वाहनों का पीछा किया और इस दौरान तीन वाहनों को नुकसान पहुंचाया। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। हाथियों के हाईवे पर आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी। काफी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया। हालांकि, एक हाथी के आसपास ही मौजूद होने और दोबारा हाईवे पर आने की कोशिश की सूचना से वनकर्मी सतर्क रहे।
हाथियों की मौजूदगी के कारण कोटद्वार से पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल-कॉलेजों में जाने वाले शिक्षक भी देरी से रवाना हुए। वन विभाग की टीम मौके पर निगरानी बनाए हुए है।



