इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

इटावा: दिशा की बैठक में सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

इटावा: दिशा की बैठक में सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा,। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में मनरेगा, एनआरएलएम, दीनदयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, कृषि विकास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

 

टूटी सड़कों की मरम्मत के निर्देश

 

सांसद ने बसरेहर बाईपास और हैंवरा डिग्री कॉलेज के पास क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनवाने और मंडी परिषद की सड़कों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।

 

जल निगम के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए सांसद ने कहा कि जिन सड़कों को निर्माण के दौरान खोदा गया है और जो वर्तमान में क्षतिग्रस्त हैं, उनकी मरम्मत कराई जाए। उन्होंने मरम्मत की गई सड़कों की सूची दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

जल जीवन मिशन की मांगी ब्लॉकवार रिपोर्ट

 

राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान सांसद ने जल जीवन मिशन के तहत जिले में बनाई गई पानी की टंकियों की ब्लॉकवार सूची उपलब्ध कराने को कहा। वहीं लघु सिंचाई विभाग से निर्माणाधीन चेक डैम की संख्या और स्थानों की जानकारी भी मांगी गई।

 

अस्पताल में बढ़ाए जाएं काउंटर, चार क्षेत्रों में डेंटिस्ट की तैनाती

 

जिला अस्पताल में मरीजों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए सांसद ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को काउंटरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने महेवा, लखना, बकेवर और बसरेहर में डेंटिस्ट की तैनाती कराने को भी कहा।

 

स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं पर जताई नाराजगी

 

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने ताखा ब्लॉक में जर्जर भवन ध्वस्त होने के बाद बरामदे और हॉल में पढ़ रहे बच्चों के लिए नए भवन का तत्काल निर्माण कराने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने जिले के सभी 1,484 विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बसरेहर ब्लॉक के पाठकपुर गांव में प्राथमिक विद्यालय का निर्माण जल्द कराने के निर्देश भी दिए गए। विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

 

सफाई व्यवस्था और तालाब की सफाई के निर्देश

 

हैंवरा ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी के नियमित रूप से नहीं पहुंचने की शिकायत पर जांच कर कार्रवाई करने और आवश्यकता पड़ने पर अन्य सफाई कर्मचारी की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अहेरीपुर तालाब की सफाई कराने को भी कहा गया।

 

महेवा ब्लॉक में सचिव अखिलेश कुमार के कार्यों को लेकर भी जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग के हॉस्टल का निर्माण जल्द पूरा कराने और वहां पंखे सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।

 

किसानों को बीज वितरण की सूची और प्रचार-प्रसार पर जोर

 

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान फसल बीमा योजना के संबंध में जानकारी ली गई। सांसद ने ब्लॉकवार बीज वितरण कराने, लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

पशुओं का समय से टीकाकरण कराने के निर्देश

 

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी बीमारियों से बचाने के लिए समय से टीकाकरण कराने के निर्देश दिए गए।

 

बिजली कनेक्शन काटने से पहले नोटिस देने के निर्देश

 

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं को कनेक्शन काटने से 3 से 7 दिन पहले नोटिस दिया जाए। बिना पूर्व सूचना के कनेक्शन न काटने के निर्देश दिए गए।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षतिग्रस्त अहेरीपुर मार्ग को भी तत्काल दुरुस्त कराने को कहा।

 

अधिकारियों के फोन न उठाने पर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

 

जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सभी अधिकारी कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी अधिकारी फोन अवश्य उठाएं। किसी कारणवश फोन रिसीव न हो पाने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति को बाद में कॉलबैक करना सुनिश्चित करें।

 

सांसद ने मानिकपुर मोड़ को ब्लैक स्पॉट बताते हुए वहां जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग से ओवरलोड वाहनों के संबंध में शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

 

सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर जिले को विकास के ऐसे स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करें, जिससे अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ मिल सके। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।

 

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सांसद एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया तथा जनपद के महत्वपूर्ण प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

 

बैठक में सदस्य विधान परिषद मुकुल यादव, विभिन्न जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आईएएस कोमल पुनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बृजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button