
औरैया में ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर
औरैया में जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के संचालन और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा कर्मियों की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ड्यूटी सुनिश्चित की जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए कैमरों और कंट्रोल रूम को 24 घंटे लगातार संचालित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वेयर हाउस परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में निरंतर रिकॉर्ड होती रहनी चाहिए। साथ ही सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राविन्द्र सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


