इटावाअपराधउत्तर प्रदेश

इटावा में हाईवे फूड प्लाजा की पार्किंग में कार का शीशा तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 14 लाख की बरामदगी का दावा

इटावा में हाईवे फूड प्लाजा की पार्किंग में कार का शीशा तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 14 लाख की बरामदगी का दावा

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा,: थाना सैफई पुलिस ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे स्थित फूड प्लाजा की पार्किंग में कार का शीशा तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी, आभूषण और अवैध तमंचा-कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये है।

 

फरीदाबाद जा रहे परिवार की कार को बनाया निशाना

 

पुलिस के मुताबिक फरीदाबाद सेक्टर-48 निवासी सारिका सिंह अपने परिवार के साथ बलिया से फरीदाबाद जा रही थीं। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 104 पर स्थित फूड प्लाजा में नाश्ता करने के लिए उन्होंने अपनी कार पार्क की और परिवार के साथ अंदर चली गईं।

 

कुछ समय बाद वापस लौटने पर कार का शीशा टूटा मिला। कार में रखे नकदी और जेवरात गायब थे। शिकायत के आधार पर थाना सैफई में मुकदमा संख्या 123/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

 

चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को दबोचा

 

पुलिस के अनुसार अपराध और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए थाना सैफई पुलिस रुकइया नहर पुल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फूड प्लाजा की पार्किंग में कार का शीशा तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी अवैध असलहे के साथ उसरई पुलिया के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है।

 

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मनोज कुमार पुत्र जितेंद्र बाबू, निवासी ग्राम हैवरा, थाना सैफई, इटावा, उम्र करीब 37 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

 

तमंचा-कारतूस समेत नकदी और जेवर बरामद

 

पुलिस पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के बैग से 97,500 रुपये नकद और सोने-पीली धातु व सफेद धातु के आभूषण भी बरामद किए गए।

 

पुलिस के अनुसार बरामदगी में एक कंठी लॉकेट सहित, एक हाथ का कंगन, दो कान के टॉप्स लटकन सहित और दो पैरों की पायल शामिल हैं।

 

साथी का नाम भी सामने आया

 

पुलिस पूछताछ में मनोज कुमार ने अपने साथी अरविंद दुबे उर्फ मोनू पुत्र रामऔतार, निवासी ग्राम अमरसीपुर, थाना सैफई, इटावा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार दोनों ने फूड प्लाजा की पार्किंग में खड़ी सफेद रंग की वैगनआर कार के पिछले दरवाजे का शीशा तोड़कर दो लेडीज पर्स चोरी किए थे।

 

पुलिस का कहना है कि पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड, आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज और दो टच स्क्रीन मोबाइल भी थे। पूछताछ के अनुसार दोनों मोबाइल बंद कर नदी में फेंक दिए गए। पुलिस अब आरोपी के साथी अरविंद दुबे उर्फ मोनू की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

 

मुकदमे में बढ़ाई गई धाराएं

 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना सैफई में दर्ज मुकदमा संख्या 123/2026 में धारा 317(2) बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ इटावा जिले के विभिन्न थानों में वर्ष 2007 से 2026 तक चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, अपहरण, आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं।

 

पुलिस टीम

 

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी, उपनिरीक्षक राकेश कुमार, उपनिरीक्षक स्वदेश कुमार, आदित्य तोमर और अंजनी कुमार शामिल रहे।

 

पुलिस के अनुसार मामले में फरार बताए जा रहे आरोपी की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button