
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने किया अभ्युदय कोचिंग सेंटर का निरीक्षण, विद्यार्थियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया / जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने तिलक महाविद्यालय औरैया में पहुंचकर मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित अभ्युदय कोचिंग सेंटर का निरीक्षण कर वहां की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी तैयारियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि अभ्युदय कोचिंग में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अध्ययन सामग्री एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। विद्यार्थियों की शंकाओं का नियमित रूप से समाधान करने के साथ ही उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत एवं लगन के साथ तैयारी करनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कुमार शशि सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक एवं अभ्युदय कोचिंग सेंटर के विद्यार्थी आदि उपस्थित रहे।


