राजस्व रैंकिंग में सीतामढ़ी का शानदार प्रदर्शन, बिहार में दूसरा स्थान
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, : जुलाई 2026 की राज्यस्तरीय राजस्व रैंकिंग में सीतामढ़ी जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार की ओर से जारी रैंकिंग में जिले को 67.58 अंक मिले हैं।
राजस्व कार्यों के समग्र निष्पादन में जिले के प्रदर्शन को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। म्यूटेशन, परिमार्जन प्लस, अभियान बसेरा-2, आधार सीडिंग, अपर समाहर्ता कोर्ट, डीसीएलआर कोर्ट और जिलाधिकारी न्यायालय में मामलों के निष्पादन समेत विभिन्न निर्धारित मानकों पर जिले का प्रदर्शन बेहतर रहा।
ADM राजस्व को राज्य में तीसरा स्थान
ADM POP रैंकिंग में सीतामढ़ी के अपर समाहर्ता (राजस्व) संजीव कुमार ने 64.40 अंक के साथ राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। जून 2026 में भी उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया था।
बेलसंड DCLR फिर बने राज्य में नंबर-1
जुलाई की POP रैंकिंग में बेलसंड के भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) ने 75.63 अंक के साथ राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जून महीने में भी बेलसंड DCLR को पहला स्थान मिला था।
वहीं पुपरी DCLR को 16वां और सीतामढ़ी सदर DCLR को 20वां स्थान प्राप्त हुआ।
बैरगनिया अंचल राज्य में दूसरे स्थान पर
अंचल स्तर पर भी सीतामढ़ी ने बेहतर प्रदर्शन किया है। बैरगनिया अंचल को राज्य में दूसरा स्थान, जबकि चोरौत को 12वां और सुप्पी को 13वां स्थान प्राप्त हुआ।
समाहर्ता सीतामढ़ी रिची पांडेय ने उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्व प्रशासन आमजन से सीधे जुड़ा विभाग है। पारदर्शिता, समयबद्धता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय राजस्व टीम, अपर समाहर्ता, डीसीएलआर, अंचल अधिकारियों और संबंधित कर्मियों के समन्वित प्रयासों को दिया।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए आने वाले महीनों में राज्य में प्रथम स्थान हासिल करने के लक्ष्य के साथ कार्यों में और तेजी लाने की बात कही है।


