
विधायक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की कोताही न बरतें – विधायक त्योंथर
जल भराव से हुई परिसम्पत्तियों की हानि का तत्काल सर्वे शुरू करें – कलेक्टर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . त्योंथर क्षेत्र में टमस नदी का जल स्तर बढ़ा होने के कारण कई गांवों में निचली बस्तियों में पानी भर गया है। जल भराव से लगभग 309 गांव प्रभावित हैं। इन गांवों में 6 हजार से अधिक घरों में जल भराव का असर है। त्योंथर तहसील में 16 राहत शिविरों में 169 बाढ़ प्रभावित लोगों को आश्रय दिया गया है। सभी राहत शिविरों में भोजन, पानी, बिजली तथा दवाओं की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी राज, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह ने त्योंथर और आसपास के जल भराव से प्रभावित गांवों का दौरा करके स्थिति का जायजा लिया। विधायक तथा अधिकारियों की टीम सबसे पहले ग्राम महेबा शंकरपुर पहुंची। मौके पर क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण करने के साथ आम जनता से भेंट कर स्थिति की जानकारी ली गई। विधायक ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार हर संभव सहायता देगी। पानी उतरते ही पूरे गांव का सर्वे कराया जाएगा। जल भराव से प्रभावित व्यक्तियों को उचित राहत राशि दी जाएगी।
इसके बाद विधायक, कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक ने त्योंथर नगर पंचायत क्षेत्र की पचामा बस्ती का दौरा किया। टमस नदी का जल स्तर बढ़ने से पचामा में बसोरन बस्ती में लगभग दो से चार फुट तक जल भराव हो गया है। विधायक तथा अधिकारियों ने मोटरबोट से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया तथा पीड़ितों से भेंट की। इसके बाद सभी ने विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय में बनाए गए राहत केन्द्र का निरीक्षण किया। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें भोजन, पानी, बिजली, दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राहत केन्द्र की व्यवस्थाएं नगर पंचायत त्योंथर द्वारा की जा रही हैं।
कलेक्टर ने आम जनता से संवाद करते हुए कहा कि पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जाएगी। प्रशासनिक अमला प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रहा है। संकट की इस घड़ी में हम सब आपके साथ हैं। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल भराव समाप्त होते ही तत्काल सर्वे शुरू करा दें। संवेदनशीलता के साथ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे करें। जल भराव से क्षतिग्रस्त मकान, फसल तथा अन्य परिसम्पत्तियों का भलीभांति निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट तैयार करें। शासन के मापदण्डों के अनुसार सभी प्रभावितों को उचित राहत राशि दी जाएगी। जल भराव के कारण कई घरों में अनाज तथा अन्य भोजन सामग्री खराब हुई है। जिला आपूर्ति अधिकारी इनके लिए खाद्यान्न की व्यवस्था करें। मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जल भराव की समस्या समाप्त होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल साफ-सफाई कराएं। जल भराव से प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीम का भ्रमण कराकर पीड़ितों को उपचार की सुविधा दें। निरीक्षण के समय एसडीएम त्योंथर राकेश चौरसिया, एसडीओपी मनस्वी शर्मा, तहसीलदार राजेश तिवारी, सीईओ जनपद प्रवीण वंशोर तथा अन्य अधिकारी उनके साथ रहे।


